होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / युवकों को नागवार गुजरी पत्रकार की नसीहत, चढ़ा दी कार
युवकों को नागवार गुजरी पत्रकार की नसीहत, चढ़ा दी कार
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। दोस्तों के साथ घर के आगे बैठकर शराब पी रहे युवक को टोकना एक बुजुर्ग पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि इससे गुस्साए युवक ने पत्रकार को कार से कुचलने का प्रयास किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दोस्तों के साथ घर के आगे बैठकर शराब पी रहे युवक को टोकना एक बुजुर्ग पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि इससे गुस्साए युवक ने पत्रकार को कार से कुचलने का प्रयास किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
यह घटना कोलकाता की है। बताया जाता है कि पांच युवाओं का ग्रुप एक पार्क की रेलिंग पर बैठकर शराब पी रहा था और वे जमकर गाली गलौज कर रहे थे। पत्रकार मानस घोष का घर भी पार्क के पास ही है। युवकों की यह हरकत जब उनसे देखी नहीं गई तो उन्होंने इसका विरोध किया। घोष के अनुसार, ‘पांचों युवक उनके पड़़ोसी दंपति को काफी बुरा भला कह रहे थे और विरोध करने पर वे मेरे साथ भी उलझने लगे, जिस पर मैंने पुलिस को फोन कर दिया।’
खतरे का आभास होते ही पांचों युवक वहां से भागने लगे और पास में ही खड़ी अपनी कार की ओर दौड़ लगा दी। घोष के अनुसार, ‘कार चला रहे युवक ने खुद का नाम सुदिप्तो घोष बताया और कहा कि वह एक अखबार में काम करता है। आई कार्ड मांगे जाने पर उसने हमें धक्का दे दिया और मौके से भागने लगा।’ घोष ने बताया कि वह कार को रोकने के लिए उसके आगे खड़े हो गए लेकिन युवकों ने कार की स्पीड बढ़ा दी। किसी तरह कूदकर घोष ने अपनी जान बचाई लेकिन इससे उनके हाथ-पैर और सिर में चोट आ गई।
इसके बाद मानस घोष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी पुलिस को दिया। हालांकि पुलिस अभी इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि कार जिस व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, उसने इसे बेच दिया था। इसके बाद भी कार कई लोगों के हाथ बिक चुकी है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स