होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ब्लैकमेलर पत्रकार को दबोचने में काम कर गई पुलिस की ये तरकीब
ब्लैकमेलर पत्रकार को दबोचने में काम कर गई पुलिस की ये तरकीब
जाने-माने डॉक्टर पद्मश्री बी रमन राव को ब्लैकमेल करना एक टीवी पत्रकार को उस समय महंगा...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
जाने-माने डॉक्टर पद्मश्री बी रमन राव को ब्लैकमेल करना एक टीवी पत्रकार को उस समय महंगा पड़ गया, जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। ‘द हिंदू’ (THE HINDU) में छपी एक खबर के मुताबिक, कन्नड़ न्यूज चैनल ‘पब्लिक टीवी’ (Public TV) में कार्यरत हेमंत कश्यप एक विडियो क्लिप के जरिये डॉक्टर को ब्लैकमेल कर रहा था और पैसे मांग रहा था। हेमंत यह धमकी भी देता था कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह इस विडियो क्लिप को सार्वजनिक कर देगा। पुलिस के अनुसार, इसी विडियो क्लिप के जरिये एक दूसरे चैनल का पत्रकार भी डाक्टर राव को ब्लैकमेल कर रहा था। बताया जाता है कि डाक्टर ने तीन किस्तों में कश्यप को पांच लाख रुपए दे भी दिए थे। इसके बाद भी कश्यप द्वारा 50 लाख रुपए की मांग करने पर डॉक्टर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अब कश्यप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल फोन सीआईडी की साइबर क्राइम सेल को भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि कश्यप पहले भी इस तरह का अपराधों में लिप्त रहा है। जांच के लिए पुलिस उसकी कॉल डिटेल जानने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही पुलिस ने कश्यप के साथी और ‘समय टीवी’ (Samaya TV) में रिपोर्टर मंजूनाथ की तलाश भी शुरू कर दी है। ब्लैकमेल और उगाही के इस मामले में उसकी भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस यह भी आशंका जता रही है कि इस रैकेट में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि यह एक निजी विडियो है और यह कश्यप तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस के पास सीसीटीवी के पुख्ता सबूत भी हैं, जिनमें समय-समय पर डॉक्टर राव के क्लीनिक के बाहर कश्यप उनसे रुपए लेते हुए दिखाई दे रहा है।
इस मामले में जब डॉक्टर ने पुलिस से संपर्क किया तो पुलिस ने उन्हें कहा कि वह कश्यप को 50 लाख रुपए देने का झांसा देकर क्लीनिक पर बुलाएं। डॉक्टर राव के फोन करने पर कश्यप जैसे ही पैसे लेने आया, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कश्यप ने पुलिस को बताया कि कई अन्य पत्रकारों को भी इस क्लिप के बारे में पता था और वे भी पैसे चाहते थे। वहीं, यह मामला सामने आने के बाद ‘पब्लिक टीवी’ के एडिटर एचआर रंगनाथ ने बताया कि आरोपी पत्रकार को नौकरी से निकाल दिया गया है और जांच में चैनल पूरा सहयोग करेगा।
टैग्स हेमंत कश्यप पब्लिक टीवी बी रमन राव