होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानिए, इस साल कैसा रहा आपके पसंदीदा TV शो का हाल
जानिए, इस साल कैसा रहा आपके पसंदीदा TV शो का हाल
चंद रोज बाद ही वर्ष 2018 समाप्त होने वाला है और नया साल आने...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
चंद रोज बाद ही वर्ष 2018 समाप्त होने वाला है और नया साल आने वाला है। ऐसे में यदि हम पीछे मुड़कर देखें तो पता चलता है कि टीवी की दुनिया के लिए यह साल काफी खास रहा है। एक तरफ जहां टीवी में कई नए प्रयोग देखने को मिले हैं, वहीं कई नए कार्यक्रम शुरू होने के साथ ही कई नए जॉनर भी सामने आए हैं। ऐसे में इस साल रेटिंग चार्ट में शीर्ष में आने को लेकर काफी संघर्ष भी देखने को मिला है। अब जबकि 2018 समाप्ति की ओर है, ऐसे में इस साल हिंदी के टॉप टेन जनरल ऐंटरटेनमेंट चैनलों (GEC’s) पर आइए डालते हैं एक नजर-
‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) इंडिया के डाटा के अनुसार इस साल एक से 50 हफ्ते (HSM Urban +2 and Prime time Original airings considered) के दौरान टीआरपी चार्ट में ‘Naagin3’ का जलवा रहा और औसत रूप से 9.3 मिलियन इंप्रेशंस के साथ यह टॉप-10 शो की लिस्ट में नंबर एक पर रहा।
टॉप-10 शो की लिस्ट में ‘Zee TV’ का ‘कुंडली भाग्य’ साल भर 7.3 मिलियन के औसत इंप्रेशंस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ‘कलर्स’ पर दो जून को लॉन्च हुआ नया डांस रियलिटी शो ‘डांस दीवाने’ इस साल इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहा। इसकी व्युअरशिप की बात करें तो यह औसतन 6.9 मिलियन इंप्रेशंस रही। चौथे नंबर पर औसतन 6.6 मिलियन इंप्रेशंस के साथ ‘Zee TV’ का एक और शो ‘कुमकुम भाग्य’ रहा। इसके बाद ‘स्टार प्लस’ का शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ 6.1 मिलियन औसत इंप्रेशंस के साथ इस साल पांचवे नंबर पर रहा।
‘सोनी टीवी’ का ‘सुपर डांसर चैप्टर 2’ 5.9 मिलियन इंप्रेशंस के साथ छठे और ‘सब टीवी’ का शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ 5.8 मिलियन इंप्रेशंस के साथ इस लिस्ट में सातवें नंबर पर रहा। टॉप-10 चैनलों की लिस्ट में आठवें नंबर पर ‘सोनी टीवी’ पर प्रसारित होने वाला शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो रहा और इसकी व्युअरशिप औसत रूप से 5.7 मिलियन इंप्रेशस रही।
इस लिस्ट में नौंवे नंबर पर ‘स्टार प्लस’ के नए शो ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ ने कब्जा जमाए रखा और इसकी औसत व्युअरशिप 56 मिलियन इंप्रेशंस रही। वहीं, दसवें नंबर पर 5.5 मिलियन इंप्रेशंस के साथ ‘राधाकृष्ण’ ने इस लिस्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
‘नागिन3’ की सफलता के बारे में ‘वायकॉम 18’ में हिंदी और किड्स टीवी नेटवर्क की हेड नैना अलाविया जयपुरिया ने बताया, ‘नागिन का तीसरा सीजन हमारे लिए काफी अच्छा रहा। इस शो की शुरुआत 4.3 टीआरपी के साथ हुई थी, जो बहुत है। इसके साथ ही ‘डांस दीवाने’ का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है।
वहीं, ‘Zee TV’ की बिजनेस हेड अपर्णा भोसले का कहना है, ‘अपनी लॉन्चिंग के बाद से ही कुंडली भाग्य हमारे लिए काफी सफल साबित हुआ है। इसके साथ ही ‘कुमकुम भाग्य’ ने भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इस साल इस शो ने अपने 1000 एपिसोड पूरे कर लिए हैं, जो बड़ी बात है।’
टैग्स टेलिविजन शो बार्क