होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / संपादक के खिलाफ शिकायत पर बोले राज्यपाल- झुकने वाला नहीं
संपादक के खिलाफ शिकायत पर बोले राज्यपाल- झुकने वाला नहीं
संपादक के खिलाफ की गई पुलिस शिकायत का तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने बचाव किया है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
तमिल वीकली मैगजीन 'नक्कीरन' के संपादक के खिलाफ की गई पुलिस शिकायत का तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने बचाव किया है। उन्होंने कहा कि वह मैगजीन में अपने खिलाफ लगातार प्रकाशित हो रहे ‘अपमानजनक आलेख’ से आहत हैं। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि वह झुकने वाले नहीं हैं।
साप्ताहिक ‘नक्कीरन’ के संपादक आर.आर. गोपाल की गिरफ्तारी और बाद में उनकी रिहाई के कुछ दिनों बाद राज भवन ने लगाए गए आरोपों का खंडन किया। राजभवन ने एक बयान में कहा, ‘लोकतंत्र में विचारों का आदान-प्रदान होता है। लेकिन, राज्यपाल जैसे संवैधानिक अधिकारी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर धमकाना किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’
राजभवन के अनुसार, ‘शीर्ष पद की गरिमा को चोट पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए कृत्यों से राजभवन झुकने वाला नहीं है।’
बयान में उस लेख को पूरी तरह से झुठलाया गया है जिसमें राज्यपाल का संबंध अरुप्पुक्कोत्तई के कॉलेज की एक सहायक प्रफेसर निर्मला देवी से बताया गया है। निर्मला को मदुरै कामराज विश्वविद्यालय के अधिकारियों के पास कथित रूप से छात्राओं को भेजने के आरोप में कुछ समय पहले गिरफ्तार किया गया है।
राजभवन ने कहा, ‘पुलिस के सामने दिया गया उस महिला का बयान खुद ही सच का खुलासा कर देगा।’
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को ‘नक्कीरन गोपाल’ के नाम से मशहूर आर.आर. गोपाल को गिरफ्तार किया गया था। राजभवन के अधिकारी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। गोपाल पर आरोप था कि उन्होंने अपने लेख में तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित और उनके अतिरिक्त मुख्य सचिव आर. राजगोपाल को इस स्कैंडल से जोड़ा था। गोपाल पर भारतीय दंड संहिता की धारा 124 लगाई गई थी, लेकिन अदालत ने गोपाल को बरी कर दिया था।
टैग्स बनवारीलाल पुरोहित नक्कीकरन