होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / केजरीवाल सरकार में करोड़ों के घोटाले का पत्रकार ने किया दावा, तो हुआ हमला
केजरीवाल सरकार में करोड़ों के घोटाले का पत्रकार ने किया दावा, तो हुआ हमला
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। हिंदी न्यूज चैनल के ‘समाचार प्लस’ के पत्रकार विप्लव अवस्थी पर बुधवार शाम कार सवार कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने उनकी पिटाई और उनकी कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात नोएडा के भीड़भाड़ वाले इलाके सेक्टर-71 चौराहे
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हिंदी न्यूज चैनल के ‘समाचार प्लस’ के पत्रकार विप्लव अवस्थी पर बुधवार शाम कार सवार कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने उनकी पिटाई और उनकी कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात नोएडा के भीड़भाड़ वाले इलाके सेक्टर-71 चौराहे पर हुई।
हमले के दौरान विप्लव की कार के कांच तोड़ दिए गए और उन्हें धमकी तक दी गई। पत्रकार विप्लव अवस्थी सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाहियों को कवर किया करते हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
समाचार प्लस में वरिष्ठ संवाददाता के तौर पर काम करने वाले विप्लव सेक्टर-62 स्थित अपने ऑफिस से वैगनआर कार से नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे। रास्ते में वह फल खरीदने के लिए सेक्टर-71 चौराहे पर रुके। इसी दौरान स्विफ्ट कार सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने विप्लव की कार के शीशे डंडे और पत्थर से तोड़ दिए। विरोध करने पर हमलावरों ने उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान हमलावरों ने उनसे गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि बहुत बड़ा पत्रकार बनता है। मुकदमे करता है। विप्लव को अपशब्द कहे गए और कहा गया कि यदि वे 25 फरवरी को न्यायालय पहुंचे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।
वहीं विप्लव अवस्थी के मुताबिक, उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साढू सुरेंद्र कुमार बंसल और दूसरे लोगों के विरुद्ध वर्ष 2014 और 2016 के बीच निर्माण कार्यों और सरकारी ठेको में भ्रष्टाचार का प्रकरण दर्ज करवाया है। ऐसे में इन्हें इस मामले से पीछे हटने के लिए कहा जा रहा था। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी, लेकिन विभाग की ओर से उन्हें जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना था कि फर्जी कंपनियां बनाकर रूपयों की हेरफेर की गई है। इस काम में सीएम केजरीवाल के साढ़ू ने सरकारी मशीनरी का लाभ के लिए उपयोग किया है।उन्होंने रेणू कंस्ट्रक्शन के नाम से कंपनी का निर्माण किया और महादेव इम्पेक्वस से सामान खरीदी को दर्शाया। कंपनी ने निर्माण कार्य तो नहीं किया लेकिन कागजी कार्रवाई की गई। नाले का निर्माण भी नहीं किया गया लेकिन दर्शाया गया कि निर्माण कार्य हुआ है जिसकी रकम कंपनी ने ले ली। अब उन पर हमला किया गया है।
विप्लव अवस्थी ने बताया कि उन्हें धमकी दी गई है कि यदि वे न्यायालय पहुंचे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।
हालांकि इस मामले में थाना फेज तीन में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स