होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस पत्रकार के ‘हत्थे’ चढ़ा नीरव मोदी, हर सवाल का देता रहा बस यही जवाब
इस पत्रकार के ‘हत्थे’ चढ़ा नीरव मोदी, हर सवाल का देता रहा बस यही जवाब
सरकार भले ही नीरव मोदी का अलीबाग स्थित आलीशान बंगला जमींदोज़ करके खुश...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
सरकार भले ही नीरव मोदी का अलीबाग स्थित आलीशान बंगला जमींदोज़ करके खुश हो रही हो, लेकिन पंजाब नेशनल बैंक के 14 हजार करोड़ रुपए लेकर फरार हुआ नीरव मोदी लंदन में ऐश से जिंदगी गुजार रहा है। ब्रिटिश मीडिया समूह ‘द टेलीग्राफ’ ने इसका खुलासा किया है। अख़बार के पत्रकार मिक ब्राउन ने लंदन की सड़कों पर घूम रहे नीरव मोदी को खोज निकाला और एक के बाद एक कई सवाल दागे, हालांकि मोदी ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। मोदी ने अपना हुलिया बदल लिया है, ताकि वो एकदम से किसी की पहचान में न आ सके, लेकिन वो मिक ब्राउन की नज़रों से नहीं बच सका।
‘द टेलीग्राफ’ के अनुसार, नीरव लंदन के वेस्ट एंड में एक आलीशान अपार्टमेंट में रह रहा है और वहीं हीरे का नया कारोबार भी शुरू किया है। अख़बार ने शनिवार सुबह अपनी वेबसाइट पर ‘Exclusive: India's most wanted man Nirav Modi - accused of £1.5bn fraud-living openly in London’ शीर्षक तले मोदी से बातचीत का एक विडियो पोस्ट किया।
विडियो में साफ़ नज़र आ रहा है कि भारत से भागे नीरव मोदी की सेहत पहले से भी बेहतर हो गई है। उसने हल्की दाढ़ी और मूछें भी रख ली हैं। इतना ही नहीं वो 9 लाख रुपये की जैकेट पहन कर खुलेआम लंदन की सड़कों पर घूम रहा है। मिक ब्राउन ने जब उसे रोककर सवालों की बौछार शुरू की, तो उसके चेहरे पर झुंझलाहट नहीं, बल्कि कुटिल मुस्कान थी। ऐसा लग रहा था कि उसे पूरा विश्वास है कि उसका कुछ बिगड़ने वाला नहीं है। ब्राउन ने सबसे पहले नीरव मोदी से पूछा कि आपके ऊपर कई लोगों का कर्ज है, इस बारे में आप क्या कहेंगे, तो नीरव 'सॉरी नो कमेंट' कहकर मुस्कुराने लगा। इसके बाद ब्राउन ने पूछा कि आपने जिनके पैसे लिए हैं, वे आपको ढूंढ रहे हैं, जिसके जवाब में मोदी ने फिर 'नो कमेंट' कहा।
मोदी को लगा कि उसके सीधा जवाब नहीं देने से मिक ब्राउन उसका पीछा छोड़ देंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दो सवालों के बाद जैसे ही मोदी आगे बढ़ा, ब्राउन भी इसके पीछे-पीछे चल पड़े। उन्होंने मोदी को बीच में रोकते हुए पूछा कि उनका लंदन में कितने दिनों तक रहने का इरादा है, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इस सवाल के बाद बेचैन नीरव मोदी टैक्सी तलाशने लगा, ताकि जल्द से जल्द ब्राउन से दूर जा सके, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उसे काफी देर तक टैक्सी नहीं मिली। उसने कई टैक्सी ड्राइवरों को रुकने का इशारा किया पर कोई नहीं रुका।
इस बीच ब्राउन ने एक और सवाल दागते हुए पूछा कि प्रशासन के मुताबिक,आपने पॉलिटिकल असाइलम के लिए अप्लाई किया है और उन्होंने यह भी कहा है कि आप प्रत्यर्पण आवेदन के अधीन हैं, क्या आपको लगता है कि आपका प्रत्यर्पण होना चाहिए? इसका भी मोदी ने 'सॉरी नो कॉमेंट' में जवाब दिया। इसके बाद कैमरामैन ने मोदी की ऑस्ट्रिच हाइड कंपनी की महंगी जैकेट पर फोकस किया, जिसकी कीमत 10 लाख के आसपास है। ‘द टेलीग्राफ’ के संवाददाता ने मोदी को और विचलित करने के लिए पूछा कि आप अपने मित्र या सहयोगियों के बारे में कुछ बता सकते है? मगर मोदी अपने ‘नो कमेंट’ पर ही कायम रहा। मोदी ने इस सवाल का भी जवाब नहीं दिया कि क्या आप अभी भी हीरे का कारोबार कर रहे हैं? अंत में मोदी किसी तरह टैक्सी रुकवाने में कामयाब हुआ और उसी कुटिल मुस्कान के साथ वहां से चला गया। गौरतलब है कि नीरव मोदी ने 14 हजार करोड़ रुपये के घोटाले को अंजाम देने के बाद पिछले साल जनवरी में देश छोड़कर फरार हो गया था।
नीरव मोदी का पूरा विडियो आप यहां देख सकते हैं-
Exclusive: Telegraph journalists tracked down Nirav Modi, the billionaire diamond tycoon who is a suspect for the biggest banking fraud in India's historyhttps://t.co/PpsjGeFEsy pic.twitter.com/v3dN5NotzQ
— The Telegraph (@Telegraph) March 8, 2019
टैग्स द टेलीग्राफ नीरव मोदी मिक ब्राउन