होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब DD News से अहम पद पर जुड़े जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विजय क्रांति
अब DD News से अहम पद पर जुड़े जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विजय क्रांति
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विजय क्रांति को डीडी न्यूज के सीनियर कंसल्टिंग एडिटर बनाया गया है। सोमवार को उन्होंने अपना पदभार भी संभाल लिया है। समाचार4मीडिया से बात करते हुए उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विजय क्रांति को डीडी न्यूज के सीनियर कंसल्टिंग एडिटर बनाया गया है। सोमवार को उन्होंने अपना पदभार भी संभाल लिया है। समाचार4मीडिया से बात करते हुए उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि की है।
विजय क्रांति को यहां वरिष्ठ पत्रकार के.जी. सुरेश की जगह लाया गया है, जो अब प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के डायरेक्टर जनरल है।
विजय क्रांति का नाम उन चंद पत्रकारों में शुमार है जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर समान अधिकार रखते हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया, टीवी, रेडियो, फोटोग्राफी, मीडिया एजुकेशन और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन का व्यापक अनुभव है। पिछले चार दशकों के दौरान उन्होंने कई बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया, जिनमें इंडिया टुडे, बीबीसी, आजतक, जी न्यूज, डॉयचे वेले (जर्मन रेडियो) और रेडिया वॉयस ऑफ अमेरिका शामिल है। यही नहीं उन्हें मीडिया शिक्षण और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस में भी गहरा अनुभव है।
विजय क्रांति एक अच्छे पत्रकार के साथ-साथ बेहतरीन फोटोग्राफर भी हैं। वे तिब्बत और चीन मामलों के विशेषज्ञ भी माने जाते हैं। वे पिछले चालीस सालों से भारत-चीन संबंधों की राजनीतिक घटनाक्रम और तिब्बत की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और इस पर तमाम लेख लिखे हैं। उन्हें इन्हीं मुद्दों पर चर्चा के लिए कई बार टीवी चैनल पर बुलाया जाता रहा है।
वे दुनिया के एकमात्र ऐसे फोटोग्राफर हैं जिनके पास तिब्बत और दलाई लामा से संबंधित करीब 2 लाख छायाचित्रों का दुर्लभ संग्रह है। दुनिया के कई शहरों में उनकी फोटो प्रदर्शनी लग चुकी है। वे हिंदी और अंग्रेजी भाषा में कई किताबे भी लिख चुके हैं।
वे तिब्बत की पहली और एकमात्र हिंदी समाचार मासिक पत्रिका ‘तिब्बत देश’ के संपादक भी हैं।
क्रांति देश के प्रिंट मीडिया के उन चंद पत्रकारों में से एक हैं जो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की शुरुआत से ही इससे जुड़ गए थे। वे ट्रेड यूनियन मूमेंट में भी सक्रिय रहे हैं। साथ ही क्रांति दिल्ली जर्नलिस्ट्स असोसिएशन और नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के पदाधिकारी भी रह चुके हैं।
यही नहीं अकादमिक रुचि वाले विजय क्रांति एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के चेयरमैन भी रह चुके हैं।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स