होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Zee के विज्ञापन को लेकर रवीश कुमार ने दिया 'करारा' जवाब
Zee के विज्ञापन को लेकर रवीश कुमार ने दिया 'करारा' जवाब
नोएडा के होटल रेडिसन ब्लू में 16 फरवरी को आयोजित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) समारोह के दौरान...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
नोएडा के होटल रेडिसन ब्लू में 16 फरवरी को आयोजित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) समारोह के दौरान कई पत्रकारों ने अपने मन की गांठें खोल दीं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट रूप से एक-दूसरे से तो कुछ नहीं कहा, लेकिन अपने ही अंदाज में दूसरों के खिलाफ टिप्पणी करने से नहीं चूके।
कार्यक्रम के दौरान एनडीटीवी के 'प्राइम टाइम' शो के एंकर और सीनियर एग्जीक्यूटिव एडिटर रवीश कुमार ने Zee हिंदुस्तान के उस ऐड कैंपेन को लेकर टिप्पणी की, जिसमें लिखा था कि 'रवीश का टाइम अब नहीं रहा प्राइम'। उल्लेखनीय है कि ये विज्ञापन काफी चर्चा में रहा था, पर अब रवीश ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है।
इस विज्ञापन पर टिप्पणी करते हुए रवीश कुमार ने कहा,'आपकी ये ड्यूटी नहीं है कि मेरे दफ्तर के सामने बोर्ड लगा दें कि रवीश का टाइम अब खत्म हो गया है। रवीश का टाइम कभी खत्म नहीं हो सकता है। आपको हजारों इनाम मिल जाएंगे। आपकी टीआरपी सौवें माले पर चढ़ जाएगी, तब भी रवीश की जरूरत रहेगी। पत्रकारिता में आम आदमी हमेशा किसी रवीश जैसे को ही ढूंढेगा। मैं रहूं या नहीं रहूं, उसकी चिंता आप लोग मत कीजिए।'
रवीश ने कहा, 'एनडीटीवी ग्रुप की सीईओ सुपर्ण सिंह ने अभी मुझसे पूछा था कि क्या करना चाहिए, तो मेरा कहना था कि इस पर हंसना चाहिए। लेकिन यदि चैनल की मीडिया प्लानर टीम ने मुझसे कहा होता कि हम आपके टाइम के खत्म होने के ऐलान पर लाखों रुपए खर्च कर रहे हैं तो मैं उन्हें यही जवाब देता कि वो पैसा गरीब पत्रकारों में बांट दीजिए, मैं प्राइम टाइम से इस्तीफा दे देता हूं और अपने घर चला जाउंगा।'
रवीश बोले, 'हम आपस में इतने जहर न बोयें और न अपनी आदतों से दर्शकों के बीच सनक की हवा को तेज करें। ये हमारी जिम्मेदारी है। हम ये पांच साल का दौर पूरा कर गए।’
कार्यक्रम के दौरान enba अवॉर्ड्स की जूरी का शुक्रिया अदा करते हुए रवीश कुमार ने कहा ‘हम आपके जमीर और उस ईमान की कद्र करते हैं, कि आपने हमें चुनते वक्त ये सोचा तो होगा कि बहुत बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन ये दीया जगमगाता रहा।’
रविश कुमार की इस टिप्पणी का विडियो आप यहां देख सकते हैं-
टैग्स रवीश कुमार इनबा अवॉर्ड्स न्यूज नेक्स्ट