होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल को मिला ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड
वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल को मिला ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड
‘आईटीवी नेटवर्क’ के प्रधान संपादक अजय शुक्ल को वर्ष 2019 के सबसे प्रतिष्ठित...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
‘आईटीवी नेटवर्क’ के प्रधान संपादक अजय शुक्ल को वर्ष 2019 के सबसे प्रतिष्ठित लॉर्ड वेडेन पॉवेल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में पहली बार यह अवॉर्ड दिया गया है। द स्काउट एंड गाइड ऑर्गनाइजेशन की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली में संसद मार्ग स्थित एनडीएमसी कंवेंशन सेंटर में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह अवॉर्ड दिया गया। ऑर्गनाइजेशन ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों और संस्थानों को सम्मानित करने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया था।
अजय शुक्ल ने ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ ग्रुप के साथ काम करते हुए आगरा के संपादक के तौर पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर लोगों को तमाम सामाजिक कुरीतियों के प्रति न केवल जागरूक किया, बल्कि अपनी बेबाक लेखनी के माध्यम से उनकी बातों को राष्ट्रीय स्तर पर लेकर गए। ‘आईटीवी नेटवर्क’ में आने के बाद भी वे अपने समाज सेवा के दायित्वों को लगातार पूरा कर रहे हैं। आईटीवी फाउंडेशन के बैनर तले उन्होंने हरियाणा में एक मुहिम एक लक्ष्य कार्यक्रम का आयोजन कर पूरे राज्य में स्वास्थ जागरूकता का बिगुल फूंका। तमाम स्वास्थ संस्थानों को साथ लेकर उन्होंने पूरे राज्य में ग्रामीणों के लिए मुफ्त हेल्थ कैंप का आयोजन करवाया।
अजय शुक्ल के समाज के प्रति किए गए इन तमाम कार्यों के कारण ही उन्हें यह अवॉर्ड दिया गया। अजय शुक्ल को यह अवॉर्ड असम के राज्यपाल डॉ. जगदीश मुखी ने प्रदान किया। यह अवॉर्ड वर्ष 2007 से संस्कृति, कला व संगीत में विशेष भूमिका अदा करने वालों को दिया जा रहा है। पहली बार पत्रकारिता क्षेत्र को भी इसमें शामिल किया गया है।
‘इंडिया न्यूज’ हरियाणा को भी इस अवसर पर जनसरोकार की पत्रकारिता के लिए अवॉर्ड दिया गया। इस अवॉर्ड को भी अजय शुक्ल ने ग्रहण किया। अजय शुक्ल के नेतृत्व में ‘इंडिया न्यूज’ ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। अजय शुक्ल और ‘इंडिया न्यूज’ हरियाणा की इस उपलब्धि पर ‘आईटीवी’ के प्रमोटर कार्तिकेय शर्मा ने पूरी टीम को बधाई दी है। साथ ही उम्मीद जताई है कि अजय शुक्ल के नेतृत्व में आईटीवी भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
टैग्स इंडिया न्यूज अजय शुक्ल अवॉर्ड आईटीवी नेटवर्क लॉर्ड वेडेन पॉवेल अवॉर्ड