होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर से हुई गफलत, रूबिका ने दागा सवाल
'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर से हुई गफलत, रूबिका ने दागा सवाल
ज़ी न्यूज़ के साथ एक लंबी पारी खेलकर हाल ही में एबीपी न्यूज़ जॉइन...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'ज़ी न्यूज़' के साथ एक लंबी पारी खेलकर हाल ही में 'एबीपी न्यूज़' जॉइन करने वालीं टीवी पत्रकार रुबिका लियाकत पार की नज़र रखती हैं। उनकी नज़रों से कुछ भी बच पाना मुश्किल है। हाल ही में उन्होंने अंग्रेजी अख़बार 'इंडियन एक्सप्रेस' में छपी एक खबर और अख़बार के पृष्ठ 5 पर प्रकाशित विज्ञापन को जोड़कर एक बेहद ही दिलचस्प सवाल उठाया, ये सवाल उन सभी लोगों के मन में उठा होगा, जिन्होंने पढ़ने के लिए अख़बार उठाया होगा, न कि सरसरी निगाह डालने के लिए। जैसा कि आजकल अधिकांश लोग करते हैं।
रुबिका ने इस संबंध में एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने न्यूज़ की क्लिपिंग और विज्ञापन की तस्वीर भी पोस्ट की है। न्यूज़ का शीर्षक है ‘एयरपोर्ट अथॉरिटी के पीछे हटने के बाद, टीएम कृष्णा को मंच देने के लिए दिल्ली सरकार आगे आई’। दरअसल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कथित तौर पर दक्षिणपंथी ट्रोल्स द्वारा अभियान चलाने की वजह से रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता और प्रसिद्ध गायक टीएम कृष्णा के कार्यक्रम को रद्द कर दिया था, जिसके बाद दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने उनसे संपर्क साधा। दिल्ली सरकार की ओर से कर्नाटक संगीत के इस मशहूर गायक का एक अन्य समारोह आयोजित करने की बात कही गई।
अपने ट्वीट में रुबिका ने लिखा है ‘इंडियन एक्सप्रेस के फ्रंट पेज़ पर प्रकाशित एक स्टोरी कहती है कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ने टीएम कृष्णा का कार्यक्रम रद्द कर दिया है, जबकि अख़बार के पृष्ठ 5 पर एक विज्ञापन है, जो कहता है कि ‘एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया म्यूजिक कॉन्सर्ट पेश करती है’...मुझे किस पर विश्वास करना चाहिए, समाचार या विज्ञापन पर’?
Indian express carries story on 1st page saying “Airport authority has called off a concert by TM Krishna”
Turn to page 5 you see an ad
Airport Authority of India presents the music concert.
Which one do I believe? News or the advertisement @IndianExpress @sureshpprabhu pic.twitter.com/wMfw7iAYvW
— Rubika Liyaquat (@RubikaLiyaquat) November 16, 2018
रुबिका ने 'इंडियन एक्सप्रेस' और केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु को भी अपने ट्वीट में टैग किया है। आमतौर पर इतने ध्यान से शायद ही कोई अख़बार देखता हो, लेकिन रुबिका लियाकत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उनकी नज़रों से कुछ भी बचना मुश्किल है। हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी पर उनकी मजबूत पकड़ है और अपने इस हुनर का वो शब्दों के चयन में पूरा इस्तेमाल करती हैं। वो सामान्य से लगने वाले सवालों को भी इस कदर तीखा कर देती हैं कि सामने वाले को पसीना आ जाए।
वैसे ये बात अलग है कि रुबिका द्वारा 'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर से हुई गफलत को सामने रखना कुछ लोगों को रास नहीं आया। सोशल मीडिया पर जहां कुछ ने उनकी तारीफ की वहीं, कुछ यूजर्स ने इसके लिए भी उनपर निशाना साधा। दिवाकर सिंह नामक यूजर ने लिखा है कि ‘ज़ी न्यूज़ से एबीपी में आने के बाद से आपकी टीआरपी कम हो गई है’। इसी तरह राहुल कुमार ने लिखा है ‘तुम तो गोदी मीडिया हो, इंडियन एक्सप्रेस इस बेस्ट न्यूज़पेपर’।
टैग्स रूबिका लियाकत इंडियन एक्सप्रेस