होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 'समाचार प्लस' के उमेश कुमार को कुछ यूं मिल सकती है राहत
'समाचार प्लस' के उमेश कुमार को कुछ यूं मिल सकती है राहत
रीजनल न्यूज चैनल समाचार प्लस के एडिटर-इन-चीफ उमेश कुमार...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
स्टिंग मामले में फंसे रीजनल न्यूज चैनल ‘समाचार प्लस’ के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ उमेश कुमार को फिलहाल कोर्ट से राहत मिलती दिखाई दे रही है। दरअसल, शनिवार को उमेश कुमार की पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी देहरादून की एसीजेएम चतुर्थ शहजाद-ए-वाहिद की कोर्ट ने खारिज कर दी है।
हालांकि कोर्ट ने उमेश कुमार की ओर से दायर की गई जमानत की अर्जी भी फिलहाल खारिज कर दी है। बताया जाता है कि बचाव पक्ष सोमवार को सेशन कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिवाली से पूर्व उन्हें वहां से जमानत मिल सकती है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड तथा गाजियाबाद पुलिस के संयुक्त दल ने उमेश कुमार को पिछले शनिवार को उनके इंदिरापुरम (गाजियाबाद) स्थित आवास और नोएडा स्थित समाचार प्लस कार्यालय पर छापा मारकर गिरफ्तार किया था।
उस दौरान पुलिस की याचिका पर कोर्ट ने बुधवार को उमेश कुमार की सात घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी थी। इस दौरान पुलिस ने बृहस्पतिवार को उमेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ और घर की तलाशी की। पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण पुलिस ने शुक्रवार को फिर से उमेश कुमार की कस्टडी रिमांड लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था, जिस पर शनिवार को सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस की अर्जी नामंजूर कर दी। फिलहाल उमेश कुमार देहरादून की शुद्धोवाल जेल में बंद हैं।
बता दें कि 'समाचार प्लस' चैनल के पत्रकार आयुष गौड़ ने 10 अगस्त को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उमेश कुमार व कुछ अन्य लोगों ने उन्हें उत्तराखंड के प्रमुख अधिकारियों एवं राजनीतिक व्यक्तियों के स्टिंग करने के लिए कहा था। स्टिंग न हो पाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
गौड़ का आरोप था कि उमेश कुमार, राजनेताओं और अधिकारियों का स्टिंग करते हैं, लेकिन ये स्टिंग चैनल पर प्रसारित नहीं होते। बल्कि, संबंधित लोगों पर दबाव डालकर स्टिंग के एवज में मोटी रकम वसूली जाती है।
टैग्स पत्रकार समाचार प्लस उमेश कुमार