होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / महिला पत्रकार पर हमला, सहयात्री ने नोचा चेहरा-बाल...
महिला पत्रकार पर हमला, सहयात्री ने नोचा चेहरा-बाल...
कार पूल सेवा वाली कैब में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आए दिन सवाल उठते रहते हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
कार पूल सेवा वाली कैब में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आए दिन सवाल उठते रहते हैं। इस कड़ी में एक और ताजा मामला आया है देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से, जहां एक कैब में महिला पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला पत्रकार का नाम उश्नोता पॉल बताया जा रहा है।
पीड़ित महिला पत्रकार के अनुसार, सोमवार को ऐप के जरिए उन्होंने उबर की शेयरिंग सेवा बुक की थी। उनके साथ यात्रा कर रही दूसरी महिला ने पहले तो ड्राइवर से बदतमीजी की, जब उश्नोता ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उनको भी गाली दी। यह पूरी घटना लोअर परेल इलाके की है।
पत्रकार के मुताबिक, जब आरोपी महिला ने कैब चालक से इस बात पर लड़ाई शुरू कर दी कि वह ज्यादा किराया दे रही है इसके बाद उसे बाद में क्यूं छोड़ा जा रहा है। इस पर जब उन्होंने कैब चालक के बचाव में बोलने की कोशिश की तो आरोपी महिला ने उसके साथ बदसलूकी की और उसके साथ मारपीट भी की। उश्नोता का आरोप है कि महिला ने उनके चेहर पर अपने नाखूनों से हमला कर दिया और उनके बाल भी नोचे। इतना ही नहीं उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं गई और रंगरूप को लेकर रंगभेदी टिप्पणी भी की गई।
पत्रकार ने यह भी बताया कि जब उन्होंने उस महिला की फोटो क्लिक करने की कोशिश की तो वह हिंसक हो गई। उसने फोन छीन लिया और तोड़ने की धमकी देने लगी। लेकिन जब वह कैब से उतरकर उर्मी एस्टेट के अंदर चली गई, तो वहां भीड़ जमा हो गई थी। उर्मी एस्टेट के गार्ड मेरे पास आए और उन्होंने मुझसे कहा कि मैं पुलिस में शिकायत करूं। इसके बाद मैं लोवर परेल पुलिस थाने गई और वहां एफआईआर दर्ज करवाई।
गौरतलब है कि महिला पत्रकार ने इस घटना के बाद एक बाद एक कई ट्वीट किए और फेसबुक पर भी इस घटना का जिक्र किया। महिला पत्रकार ने सोशल साइट पर लिखा कि यह पूरा विवाद सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि सहयात्री को सबसे आखिर में ड्रॉप किया जाना था और वह ऐसा नहीं चाहती थीं।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उबर कंपनी ने आरोपी महिला से जुड़ी जानकारी भी उनसे और मुंबई पुलिस से कस्टमर प्राइवेसी का हवाला देते हुए शेयर करने से मना कर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि उबर उनकी सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं करता। अगर उबर मुंबई पुलिस की बात नहीं समझ पा रहा है तो यह साफ है कि एक समान्य नागरिक होने के नाते वह बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।
घटना के वायरल होने के कुछ घंटों बाद उबर ने उश्नोता से संपर्क किया और उन्हें आश्वासन दिया कि आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उबर ने उश्नोता को मेल किया, 'हमने आपकी को-राइडर और ड्राइवर से आपकी शिकायत के संबंध में संपर्क किया है। आपकी सहयात्री का अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। वह इस मामले की जांच में उनका सहयोग करेंगे।
समाचार4मीडिया.कॉम देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया में हम अपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स