होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार विजय मनोहर तिवारी को सौंपी ये जिम्मेदारी...
सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार विजय मनोहर तिवारी को सौंपी ये जिम्मेदारी...
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मध्य प्रदेश सरकार ने 5 सूचना आयुक्त की नियुक्ति ...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मध्य प्रदेश सरकार ने 5 सूचना आयुक्त की नियुक्ति कर दी है, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार विजय मनोहर तिवारी का नाम भी शामिल है। इसके अतिरिक्त रिटायर्ड आईएएस अरुण पांडेय, सीएम सचिवालय में पदस्थ ओएसडी आरके माथुर, रिटायर्ड आईपीएस सुरेंद्र सिंह और रिटायर्ड आईएएस डीपी अहिरवार का नाम भी है। सूचना आयुक्त के खाली 8 पदों में से पांच पदों पर नियुक्ति की गई है। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले राज्य सरकार ने ये नियुक्तियां की हैं।
नियुक्ति में भाजपा और संघ के करीबियों को तरजीह दी गई है। ये नियुक्तियां पांच साल के लिए होती है। इसके साथ ही राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के साथ ही सूचना आयुक्तों की संख्या 7 हो गई है। प्रदेश में सूचना आयोग में 10 पद हैं।
सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए तीन बार बैठकें हुईं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह इनमें से एक में भी शामिल नहीं हुए, जिसके बाद सीएम शिवराज ने मंत्री नरोत्तम मिश्रा की सहमति के बाद नियुक्ति का फैसला किया।
मध्यप्रदेश के सागर जिले के मंडीबामौरा में जन्मे विजय मनोहर तिवारी ने 1991 में विदिशा के एसएसएल जैन पीजी कॉलेज से गणित में एम.एस-सी. किया। इसके बाद वे एक वर्ष तक इसी कॉलेज में गणित के अध्यापक भी रहे। एक साल तक अध्यापन के बाद उन्होंने पत्रकारिता की ओर अपना रुख कर लिया। भोपाल में ही माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय 1993 में उन्होंने पत्रकारिता स्नातक की उपाधि हासिल की और फिर करियर की शुरुआत भोपाल में ही हिंदी दैनिक ‘नईदुनिया’ के साथ की। इसके बाद वे भोपास से इंदौर आ गए और यहां ‘नईदुनिया’ के लिए नौ वर्षों तक रिपोर्टिंग की। 2003 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कदम रखा और ढाई साल तक ‘सहारा-समय’ न्यूज चैनल में रिपोर्टिंग की। फिर वे हिंदी अखबार ‘दैनिक-भास्कर’ के साथ जुड़ गए और विभिन्न पदों पर रहते आगे का सफर जारी रखा। उन्होंने कई किताबें भी लिखी हैं।
टैग्स विजय मनोहर तिवारी