होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नए न्यूज चैनल ने नहीं मानी MIB की बात, अब करना होगा ये काम!
नए न्यूज चैनल ने नहीं मानी MIB की बात, अब करना होगा ये काम!
अपनी शुरुआत के बाद से ही किसी न किसी विवाद को लेकर अंग्रेजी न्यूज चैनल...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
26 जनवरी को अपनी शुरुआत के बाद से ही अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘तिरंगा टीवी’ (Tiranga TV) किसी न किसी विवाद को लेकर चर्चा में है। पहले जहां इसके नाम को लेकर विवाद चल रहा था और इसे अपना नाम ‘हार्वेस्ट टीवी’ (Harvest TV) से बदलकर ‘तिरंगा टीवी’ करना पड़ा था, वहीं अब इस चैनल के साथ एक विवाद और जुड़ गया है।
यह विवाद केबल टीवी नेटवर्क्स अधिनियम का उल्लंघन कर प्रतिबंधित कंटेंट के प्रसारण को लेकर जुड़ा है, जिस पर सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने इस चैनल को चेतावनी देते हुए 'कारण बताओ नोटिस' (Showcause Notice) जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘तिरंगा टीवी’ ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आंतकी हमले के बाद पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का प्रसारण किया था। इस बात पर ‘एमआईबी’ ने आपत्ति जताई है।
‘एमआईबी’ का कहना है कि ‘तिरंगा’ टीवी ने इस तरह का प्रसारण कर उसके द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का उल्लंघन किया है। इस नोटिस का जवाब देने के लिए चैनल को सात दिन का समय दिया गया है। वहीं, इस बारे में चैनल का कहना है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पूरी न्यूज कवरेज के एक हिस्से के तौर पर शामिल किया गया था।
गौरतलब है कि पिछले दिनों पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद ‘एमआईबी’ ने टीवी चैनलों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। इस एडवाइजरी में आतंकी हमले की कवरेज के लिए जारी की गईं गाइडलाइंस का पालन करने के लिए कहा गया था। इस बारे में सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) की ओर से एक पत्र भी जारी किया गया है। इस पत्र में चैनलों से कहा गया था कि वे केबल टेलिविजन नेटवर्क्स (रेगुलेशंस) एक्ट, 1955 में शामिल दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कंटेंट का प्रसारण सुनिश्चित करें।
कंटेंट का प्रसारण करते समय टीवी चैनलों को इन बातों पर विशेष रूप से ध्यान देने को कहा गया था कि ऐसा कोई कंटेंट प्रसारित न करें जो कानून व्यवस्था के खिलाफ हो या जिससे हिंसा भड़कने कि आशंका हो। कंटेंट ऐसा न हो जो राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देता हो। ऐसा कोई भी कंटेंट प्रसारित न किया जाए, जिसमें देश की संप्रभुता अथवा अखंडता को प्रभावित करने वाली कोई भी चीज शामिल हो। इसके अलावा ऐसा कोई भी कंटेंट न प्रसारित किया जाए, जिससे नियमों का उल्लंघन होता हो।
टैग्स सूचना-प्रसारण मंत्रालय तिरंगा टीवी कारण बताओ नोटिस