होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / महिलाओं को लेकर वेंकैया नायडू ने मीडिया से की यह अपील
महिलाओं को लेकर वेंकैया नायडू ने मीडिया से की यह अपील
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने मीडिया से अपील की है कि वह महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी अपनी अहम भूमिका निभाए। उनका कहना था कि देश में महिला सशक्तीकरण(women empowerment),
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने मीडिया से अपील की है कि वह महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी अपनी अहम भूमिका निभाए। उनका कहना था कि देश में महिला सशक्तीकरण(women empowerment), उदारवाद (emancipation) और समानता का अधिकार (equality) की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है।
नायडू का कहना था कि प्रसिद्ध महिलाओं की प्रेरणापद स्टोरी और उनके इंटरव्यू के द्वारा महिलाओं को जागरूक किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने प्रसार भारती से भी अपील की कि वह बच्चियों, किशोरियों और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों को देने में आगे बढ़कर और महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। नायडू ने कहा, ‘इस तरह के प्रोग्राम बनाए जाएं जो महिलाओं को जागरूक करें और उनके अंदर छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लेकर आएं, इससे देश में महिलाओं की स्थिति को मजबूती मिलेगी।’
‘डीडी न्यूज’ (DD News) के शो ‘तेजस्विनी’ (Tejasvini) के 100 एपिसोड पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नायडू ने कहा, ‘महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताने के लिए मीडिया को महत्वूपर्ण रोल निभाना चाहिए और विभिन्न मीडिया प्लेटफार्म्स पर नारी शक्ति (women power) वाले कार्यक्रमों को बढ़ावा देना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘देश की प्रभावशाली महिलाओं के उदाहरणों को सामने लाना चाहिए ताकि महिलाएं इससे प्रेरित होकर आगे बढ़ सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।’
इस अवसर पर नायडू ने विभिन्न क्षेत्रों की 14 ‘तेजस्विनियों’ को सम्मानित भी किया। उन्होंने ‘तेजस्विनी’ के यूट्यूब लिंक का उद्घाटन भी किया।केंद्रीय मंत्री ने जिन महिलाओं को सम्मानित किया, उनमें पैरालंपिक 2017 की सिल्वर मेडलिस्ट दीपा मलिक, दिल्ली की पहली महिला ऑटो रिक्शा ड्राइवर सुनीता चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता गीतांजलि बब्बर, पैरा मिलिट्री फोर्स की पहली महिला प्रमुख अर्चना रामसुंदरम, पहली महिला प्रोफेशनल तबला वादक अनुराधा पाल और शास्त्रीय नृत्यांगना सोनल मानसिंह आदि शामिल रहीं।
इसके अलावा जिन महिलाओं को सम्मानित किया गया, उनमें स्वच्छता एंबेसडर ऊषा चोमर, योगाचार्य प्रतिष्ठा सारस्वत, विंग कमांडर पूजा ठाकुर, खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी प्रज्ञा घिल्डियाल, पर्वतारोही संतोष यादव और एसिड हमले की शिकार रूपा, मधु और नीतू शामिल रहीं।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स