होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘जनसत्ता’ न्यूज पोर्टल को मिला नया मैनेजिंग एडिटर...
‘जनसत्ता’ न्यूज पोर्टल को मिला नया मैनेजिंग एडिटर...
इंडियन एक्सप्रेस समूह की अपने हिंदी न्यूज पोर्टल ‘जनसत्ता’ के लिए...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अपने हिंदी न्यूज पोर्टल ‘जनसत्ता डॉट कॉम’ के लिए इंडियन एक्सप्रेस समूह की अब मैनेजिंग एडिटर की तलाश पूरी हो गई है। केशव धर दुबे के रूप में जनसत्ता न्यूज पोर्टल को नया मैनेजिंग एडिटर मिल गया है। 7 सितंबर को मैनेजिंग एडिटर के रूप में केशव दुबे ने अपना कार्यभार संभाल लिया।
बताया जा रहा है कि जनसत्ता में केशव को मैनेजमेंट वेबसाइट के विस्तार की खातिर लाया गया है। वहीं यह उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जनसत्ता के पाठकों को अब यह वेबसाइट नए कलेवर में देखने को मिलेगी।
बता दें इसके पहले तक केशव 'आजतक डॉट इन' में करीब दो साल डे एडिटर की भूमिका निभा चुके हैं। वे दिसंबर, 2016 से आजतक के साथ थे। आजतक में बतौर डे एडिटर वेबसाइट का एजेंडा देखते थे। उन्होंने नए सेक्शन और एक शानदार टीम बनाने में अहम भूमिका अदा की। इसका फायदा ये हुआ कि सालभर में आजतक की रैंकिंग में बड़ा उछाल देखने को मिला था।
कोलकाता में पढ़ाई और पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले केशव के पास प्रिंट और डिजिटल का कुल 12 साल का अनुभव है। दैनिक विश्वामित्र, सन्मार्ग और दैनिक जागरण के साथ उनके पास अमर उजाला के सेंट्रल डेस्क पर काम करने का तजुर्बा है। डेस्क के अलावा केशव कोलकाता, सिलीगुड़ी, नॉर्थ बंगाल, दार्जिलिंग में रिपोर्टिंग कर चुके हैं।
'आजतक' के पहले करीब दो साल की पारी उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ के साथ भी खेली। वे जनवरी, 2015 से दिसंबर, 2016 तक डेप्युटी न्यूज एडिटर के तौर पर यहां रहे। अक्टूबर, 2013 से लेकर जनवरी, 2015 तक वे ‘अमर उजाला’ में बतौर सेंट्रल डेस्क के तौर पर भी कार्यरत रहे।वहीं मार्च, 2011 से अक्टूबर, 2013 तक वे ‘दैनिक जागरण’ के साथ रहे, जहां सिलिगुड़ी में जनरल डेस्क के तौर पर कार्यरत थे। कुछ महीनों तक उन्होंने कोलकाता में रहते हुए ‘सन्मार्ग’ के साथ भी काम किया।
केशव दुबे की गिनती डिजिटल में तेजी से उभरने वाले ऐसे पत्रकारों में होती है जिनकी पकड़ न सिर्फ हार्ड न्यूज पर मजबूत है बल्कि वेबसाइट के नंबर गेम में भी महारत हासिल है।
टैग्स केशव दूबे