होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कुछ यूं कैदियों को भा रही है पत्रकारिता
कुछ यूं कैदियों को भा रही है पत्रकारिता
जेल में बंद कैदियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए सरकारी स्तर पर कई प्रयास...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
जेल में बंद कैदियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए सरकारी स्तर पर कई प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत उनके लिए तमाम तरह के कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जेल से निकलने के बाद वे समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सकें और अपना भविष्य संवार सकें।
'TOI' की एक रिपोर्ट के अनुसार, कैदियों के बीच पत्रकारिता और कॉमर्स जैसे कोर्स की काफी डिमांड है। बेंगलुरु यूनिवर्सिटी के दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम (distance education programmes) के तहत करीब 300 रजिस्ट्रेशन किए गए हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकारिता के कोर्स में नामांकन कराने वाले एक कैदी का कहना था, ‘हम कई स्टोरियां पढ़ते-सुनते हैं। ऐसे में मैं ये जानना चाहता हूं कि आखिर मीडिया काम कैसे करता है।‘
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर के.आर वेणुगोपाल का कहना है कि इस कवायद का उद्देश्य कैदियों को बताना है कि जेल में रहने का मतलब ये नहीं है कि दुनिया समाप्त हो गई, बल्कि वे यहां कई अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। यहां से कोर्स करने के बाद कई निजी संस्थानों में नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। वहीं, यूनिवर्सिटी के दूरस्थ शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. बीसी मायलरप्पा ने कहा कि इन सर्टिफिकेट कोर्स के पॉइंट कैदियों के अच्छे व्यवहार में भी शामिल किए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही एआईएडीएमके की शशिकला और उनकी भांजी इलावर्सी ने इस कार्यक्रम के तहत कन्नड़ की पढ़ाई के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यूनिवर्सिटी की ओर से जेल में ट्रेनिंग सेशन और एग्जाम का आयोजन भी कराया जाएगा।
टैग्स