होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पढ़िए, अपने इस्तीफे पर क्या बोले फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग
पढ़िए, अपने इस्तीफे पर क्या बोले फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग
पद छोड़ देने के लिए लगातार बढ़ते दबाव के बीच फेसबुक के चेयरमैन मार्क जुकरबर्ग ने...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पद छोड़ देने के लिए लगातार बढ़ते दबाव के बीच फेसबुक के सीईओ (CEO) मार्क जुकरबर्ग ने यह साफ कर दिया है कि इस्तीफा देने का उनका कोई इरादा नहीं है। अमेरिकी न्यूज चैनल ‘सीएनएन’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने मंगलवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए ‘फेसबुक’ छोड़ देने का समय नहीं है।
गौरतलब है कि डेटा लीक समेत दूसरे विवादों की वजह से जुकरबर्ग पर निवेशकों की ओर से चेयरमैन का पद छोड़ने का दबाव बढ़ा है। सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक इन दिनों डेटा स्कैंडलों के चलते गहन जांच का सामना कर रही है।
पिछले बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स (एनवाईटी) की रिपोर्ट में कहा गया था कि फेसबुक ने प्रतिद्वंदी कंपनियों के खिलाफ लिखने के लिए पीआर फर्म ‘डिफायनर्स’ को हायर किया था। इसके बाद जुकरबर्ग ने गुरुवार को ऐलान किया कि फेसबुक ने ‘डिफायनर्स’ से नाता तोड़ लिया है। इसके साथ फेसबुक के काम के बारे में उन्हें पता ही नहीं था।
ब्रिटिश अखबार ‘गॉर्जियन’ ने शनिवार को एक रिपोर्ट में जानकारी दी कि पीआर फर्म से जुड़े विवाद के बाद ‘फेसबुक’ के निवेशकों ने जकरबर्ग पर चेयरमैन पद छोड़ने का दबाव बढ़ा दिया है। फेसबुक के विवादों की वजह से कंपनी के शेयरधारकों को नुकसान हुआ है। पिछले 6 हफ्ते में शेयर 40% गिर गए हैं।
जुकरबर्ग ने इंटरव्यू में कहा, ‘मैं कंपनी चलाता हूं। यहां जो कुछ भी होता है, उसके लिए मैं जिम्मेदार हूं। मुझे नहीं लगता, यह किसी खास पीआर कंपनी के बारे में है, बल्कि यह इस बारे में है कि हम कैसे काम करते हैं।’
हालांकि इस विवादों के चलते कंपनी की सीओओ शेरिल सैंडबर्ग के इस्तीफे की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। लेकिन, जुकरबर्ग ने इंयरव्यू में शेरिल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 'शेरिल फेसबुक के लिए अहम हैं। वो कई बड़े मामलों को डील कर रही हैं। मुझे उम्मीद है कि हम अगले कई दशक तक साथ काम करते रहेंगे।'
अमेरिकी अखबार ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने सोमवार को जानकारी दी थी कि इस साल मार्च में कैंब्रिज एनालिटिका (डेटा लीक) विवाद सामने आने के बाद जुकरबर्ग सीओओ शेरिल सैंडबर्ग से नाराज थे। उन्होंने कंपनी के विवादों और उनके सही तरीके से निपटारा नहीं करने के लिए शेरिल को जिम्मेदार ठहराया था। उसके बाद शेरिल को नौकरी की चिंता सताने लगी थी।
टैग्स फेसबुक मार्क जुकरबर्ग