होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कुछ इस तरह दूरदर्शन को हुआ फायदा, टार्गेट से ज्यादा कमाया
कुछ इस तरह दूरदर्शन को हुआ फायदा, टार्गेट से ज्यादा कमाया
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में दूरदर्शन का रेवेन्यू बढ़कर 827.51 करोड़ रुपए हो गया है। हालांकि इस साल रेवेन्यू का टार्गेट 800 करोड़ रुपए रखा गया था। इस लिहाज से दूरदर्शन ने इस वित्तीय वर्ष मे
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में दूरदर्शन का रेवेन्यू बढ़कर 827.51 करोड़ रुपए हो गया है। हालांकि इस साल रेवेन्यू का टार्गेट 800 करोड़ रुपए रखा गया था। इस लिहाज से दूरदर्शन ने इस वित्तीय वर्ष में रेवेन्यू के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया है।
इस साल दूरदर्शन को सरकारी विज्ञापनों से 318.06 करोड़ रुपए जबकि कॉरपोरेट जगत की ओर से मिले विज्ञापनों से 157.59 करोड़ रुपए की कमाई हुई है। प्रसार भारती के स्वामित्व वाले दूरदर्शन को वर्ष 2015-16 में 755 करोड़ रुपए का रेवेन्यू मिला था।
इस बारे में दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू का कहना है, ‘पिछले साल की तुलना में इस साल हमने अपने लक्ष्य को काफी पीछे छोड़ दिया है। हमारे डीटीएच (डायरेक्ट टू होम) रेवेन्यू में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा हमने अपने खर्चों में कटौती करने की कोशिश भी की थी।’ साहू का यह भी कहना था कि दूरदर्शन अपने यहां मानव संसाधनों की जरूरतों के बारे में दोबारा से मूल्यांकन करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
देश भर में 23 चैनलों का संचालन करने वाले दूरदर्शन को वर्ष 2016-17 में सबसे ज्यादा रेवेन्यू इसके फ्री टू एयर डीटीएच प्लेटफार्म ‘डीडी फ्री डिश’ से मिला है।’ डीडी फ्री डिश को वर्ष 2016-17 में 264.17 करोड़ रुपए का रेवेन्यू मिला है। यह पिछले साल की तुलना में 47 प्रतिशत अधिक है। जबकि वर्ष 2015-16 में इसने 180 करोड़ रुपए का रेवेन्यू हासिल किया था।
डीडी फ्री डिश के तहत इस समय 80 चैनल दिखाए जाते हैं। इनमें ‘स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ का स्टार उत्सव और ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क’ का सोनी पल चैनल भी शामिल है। इसके अलावा यह कुछ न्यूज चैनल जैसे ‘आज तक’, ‘एबीपी न्यूज’ और ‘न्यूज 24’ का प्रसारण भी करता है।
इस बारे में सुप्रिया साहू का कहना है, ‘डीटीएच रेवेन्यू में बढ़ोतरी देश भर में हमारी अच्छी पहुंच का परिणाम है। हमने वर्ष 2016 में रिजर्व प्राइस रिवाइज्ड की थीं और इस साल डीटीएच स्लॉट की नीलामी भी काफी सफल रही थी।
टेलिविजन व्युअरशिप मीजरमेंट एजेंसी बार्क इंडिया (Barc India) के आंकड़ों के अनुसार, देश भर में इस समय डीडी फ्री डिश के 22 मिलियन सबस्क्राइबर्स हैं। दूरदर्शन अब डीडी फ्री डिश में 24 नए चैनलों को शामिल करने की योजना बना रहा है। इस प्रकार इसमें शामिल चैनलों की संख्या 104 हो जाएगी।
इसके अलावा दूरदर्शन अपने फ्री टू एयर सिग्नल्स की सुरक्षा के लिए इन्हें कूट रूप (encrypt) देने की योजना भी बना रहा है ताकि किसी अनधिकृत ऑपरेटर द्वारा इनकी चोरी न की जा सके। इस समय दूरदर्शन विभिन्न योजनाएं तैयार कर रहा है और दिसंबर 2016 में हुई प्राइम टाइम प्रोगा्रमिंग स्लॉट की नीलामी के जरिये वर्ष 2017-18 में 1000 करोड़ का रेवेन्यू जुटने की उम्मीद जता रहा है।
दूरदर्शन की महानिदेशक ने कहा कि हम अपने चैनलों जैसे डीडी नेशनल, डीडी कशीर और डीडी स्पोर्ट्स के कंटेंट में नयापन (revamping) लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा हम उत्तर-पूर्व में स्थित अपने चैनल डीडी अरुण प्रभा के कंटेंट को भी सही कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि इस साल रेवेन्यू काफी बढ़ेगा। वहीं दूरदर्शन ने बच्चों व युवाओं के साथ ही म्यूजिक जॉनर में भी नए चैनल लॉन्च करने की योजना बनाई है।
टैग्स