होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / दिल्ली पुलिस के इस कदम से बरखा दत्त ने ली राहत की सांस
दिल्ली पुलिस के इस कदम से बरखा दत्त ने ली राहत की सांस
दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त को...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त को फोन पर धमकाने और अश्लील मैसेज भेजने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी दिल्ली के व एक आरोपी गुजरात का रहने वाला है। बरखा दत्त ने 21 फरवरी को पुलिस के पास इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी।
‘इंडियन एक्सप्रेस’ में छपी खबर के मुताबिक,‘मामले के खुलासे के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिये पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राजीव शर्मा (23), हेमराज कुमार (31) और आदित्य (34) दिल्ली के रहने वाले हैं, जबकि शब्बीर गुरफान पिंजारी (45) गुजरात में सूरत का रहने वाला है।’
पुलिस जांच में पता चला है कि राजीव शर्मा किसी प्राइवेट यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रहा है,हेमराज एक होटल में शेफ है, आदित्य किसी निजी फर्म में सेल्स एग्जिक्यूटिव का काम करता है और पिंजारी एक दुकान में कसाई का काम करता है। चारों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें बरखा दत्त का नंबर सोशल मीडिया पर मिला था, जहां पर इस नंबर को किसी ने ‘एस्कॉर्ट्स सर्विस’ के नाम से शेयर किया था।
गौरतलब है कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में बरखा का कहना था, ‘लगता है कि कुछ लोगों ने मुझे फेक न्यूज प्रोपेगेंडा का शिकार बनाया है और मेरा फोन नंबर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है। इसके बाद से मुझे धमकी भरे फोन आ रहे हैं, साथ ही गंदे-गंदे मैसेज भी आ रहे हैं। ऐसे में मुझे अपनी सुरक्षा की चिंता हो रही है।’
टैग्स बरखा दत्त