होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / गन प्वॉइंट पर मीडियाकर्मी से लूटपाट, सोने की अंगूठी नहीं पहनने पर पीटा
गन प्वॉइंट पर मीडियाकर्मी से लूटपाट, सोने की अंगूठी नहीं पहनने पर पीटा
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। गाजियाबाद में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक न्यूज चैनल में कार्यरत कर्मचारी से गन प्वॉइंट पर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। दरअसल यह लूटपाट की घटना एनएच-24 स्थित काला पत्थर के पास घटी। बता दें कि इस दौरान बदमा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
गाजियाबाद में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक न्यूज चैनल में कार्यरत कर्मचारी से गन प्वॉइंट पर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। दरअसल यह लूटपाट की घटना एनएच-24 स्थित काला पत्थर के पास घटी।
बता दें कि इस दौरान बदमाशों ने मीडियाकर्मी के गले और हाथ में अंगूठी की जांच की, लेकिन सोने की अंगूठी नहीं पहनने पर बदमाशों ने पीड़ित की पिटाई कर दी और फरार हो गए। आरोप है कि सूचना पर घर पहुंची पुलिस कार्रवाई करने की बजाय अभय खंड चौकी या इंदिरापुरम थाना जाकर शिकायत करने की बात कहकर चली गई।
मूलरूप से बलिया जिले के रहने वाले आलोक नाथ मिश्र न्याय खंड-2 में परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा के एक न्यूज चैनल में नौकरी करते हैं। बुधवार रात करीब सवा दस बजे जब वह नोएडा के फिल्म सिटी स्थित ऑफिस से ऑटो से घर लौट रहे थे, लेकिन एनएच-24 पर ऑटो से उतरने के बाद वे पैदल ही घर आने लगे। इसी दौरान दो बदमाशों ने पीछे से अचानक उनका गला दबा दिया और सड़क के नीचे खींच ले गए। वह जब तक कुछ समझ पाते एक लुटेरों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। दूसरे ने पेट में चाकू लगा दिया।
आलोक मिश्र के मुताबिक, वारदात के दौरान वह काफी डरे हुए थे। उन्होंने खुद ही अपनी एक चांदी की अंगूठी उतार कर बदमाशों को दे दी। चांदी की अंगूठी देख बदमाशों का पारा चढ़ गया और उन्होंने उनकी पिटाई कर दी। फिर बदमाश कहने लगे कि सोने की अंगूठी क्यों नहीं पहनी। चांदी की अंगूठी उनके काम की नहीं है। इसके बाद बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तानकर फोन के पैटर्न लॉक करने और ओपन करने की पूरी जानकारी भी ली। करीब पांच मिनट तक लूटपाट करने के बाद दोनों बदमाशों ने उन्हें सड़क से नीचे झाड़ियों में धक्का दे दिया। इस दौरान बदमाशों का तीसरा साथी बाइक पर आया और सभी फरार हो गए।
इसके बाद वह किसी तरह पैदल ही घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पत्नी के फोन से उन्होंने 100 नंबर पर लूट की सूचना दी। करीब 20 मिनट बाद पुलिस घर पहुंची और बिना कोई जांच-पड़ताल किए अभय खंड चौकी या इंदिरापुरम थाना जाकर शिकायत देने की बात कह कर वापस चली गई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उन से मात्र घटना की जानकारी ली और औपचारिकता पूरी कर चली गई।
इंदिरापुरम के एसएचओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि एक सप्ताह में रात के समय राहगीरों से लूट की यह दूसरी घटना है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स