होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TRAI के आगे नहीं चली BARC की दलील, अब करना होगा ये काम
TRAI के आगे नहीं चली BARC की दलील, अब करना होगा ये काम
देश में टेलिविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था 'ब्रॉडकास्टे ऑडियंस रिसर्च काउंसिल' (BARC) इंडिया को...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
देश में टेलिविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था 'ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल' (BARC) इंडिया को अपनी वेबसाइट पर फिर से रेटिंग और व्युअरशिप डाटा पब्लिश करने होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,'टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (TRAI) ने बार्क को इस संबंध में आदेश जारी कर पिछले हफ्ते के रेटिंग और व्युअरशिप डाटा को फिर से अपनी बेवसाइट पर पब्लिश करने को कहा है।
गौरतलब है कि ट्राई के नए टैरिफ ऑर्डर को देखते हुए करीब एक हफ्ते पहले ही ‘बार्क’ ने घोषणा की थी कि वह अब सिर्फ अपने सबस्क्राइबर्स के लिए व्युअरशिप डाटा जारी करेगा। ‘बार्क’ की ओर से यह भी कहा गया था कि आम जनता के लिए ये डाटा उसकी वेबसाइट पर पब्लिश नहीं किए जाएंगे।
इस बारे में बार्क की वेबसाइट पर लगे नोटिस में कहा गया था, ‘देश भर में ट्राई के नए टैरिफ ऑर्डर लागू किए जा रहे हैं। इससे जमीनी स्तर पर काफी बदलाव होंगे। इसलिए निर्णय लिया गया है कि अगले आदेश तक बार्क इंडिया के व्युअरशिप डाटा सिर्फ इसके सबस्क्राइबर्स के लिए जारी किए जाएंगे।’ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्राई ने बार्क को उसके आदेशों का 25 फरवरी 2019 तक पालन करने अथवा ट्राई अधिनियम की धाराओं के तहत आवश्यक कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा है।
बताया जाता है कि ट्राई ने यह भी कहा है टीवी चैनलों के रेटिंग और व्युअरशिप डाटा जारी करने के पहले दिए गए आदेश का अनुपालन करने में बार्क विफल रहा है। ट्राई के अनुसार इस बारे में बार्क की ओर से कहा गया है कि नए टैरिफ ऑर्डर लागू होने के कारण जो व्यवधान होगा, उसमें व्युअर्स अपनी पसंद का चैनल देखना बंद कर सकते हैं। ऐसे में रेटिंग्स और व्युअरशिप डाटा जारी करना सही नहीं होगा। हालांकि, ‘ट्राई’ का कहना है कि चैनल्स की रेटिंग्स को रोकना सही कदम नहीं था, क्योंकि इनसे मार्केट में आए बदलाव की सच्चाई के बारे में पता चलता है। हालांकि इस बारे में ‘बार्क’ की ओर से अभी तक किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं आया है।
टैग्स रेटिंग्स टैरिफ ऑर्डर ट्राई टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया टीवी चैनल्स व्युअरशिप डाटा