होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अखबार के संपादक-पत्रकार पर हमला
अखबार के संपादक-पत्रकार पर हमला
देश के अलग-अलग राज्यों में पत्रकारों पर हमलें रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के अलग-अलग राज्यों में पत्रकारों पर हमलें रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मध्य प्रदेश के मंदसौर से सामने आया है, जहां एक अखबार के संपादक व उनके साथी पत्रकार पर कुछ लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सार्जेंट अखबार के संपादक ओंकार सिंह व पत्रकार रमेश माली पर यह हमला तब हुआ, जब दोनों ही अखबार के कार्यालय से बाहर निकलकर खाना खाने जा रहे थे। घटना मंदसौर के गांधी चौराहे के पास एक छोटे से स्कूल कार्यालय ग्राउंड में हुई।
माना जा रहा है कि यह हमला किसी खबर को लिखने पर हुआ है। हालांकि पूरे मामले में संपादक ओंकार सिंह अपने स्तर पर हमले की वजह तलाश रहे हैं, तो वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में तफ्तीश कर रही है।
संपादक ओंकार सिंह ने बताया कि वे उज्जैन से आए और अपने दफ्तर में बैठकर ऑनलाइन कुछ काम कर रहे थे। फिर वे और उनका साथी पत्रकार खाना खाने जाने के लिए दफ्तर से निकलकर कुछ दूर चले ही थे, कि तभी शिक्षा विभाग के परिसर के बाहर 4 लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
संपादक ओंकार सिंह ने बताया, ‘इन लोगों ने मेरे पैरों और कमर पर काफी डंडे मारे, ऐसा लग रहा था कि वह मेरी हत्या करने आए थे। लेकिन मेरे चिल्लाने से भीड़ इकट्ठा होने लगी तो वे लोग भाग निकले और फिर मैंने किसी तरह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।’
वहीं, इस मामले में एसपी ने एक विशेष टीम गठित कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन्वेस्टिगेशन जारी है।
टैग्स पत्रकार संपादक