होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / यूपी की अखिलेश सरकार पत्रकारों को देगी ये बड़ा तोहफा...
यूपी की अखिलेश सरकार पत्रकारों को देगी ये बड़ा तोहफा...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। उत्तर प्रदेश सरकार ने अब पत्रकारों के लिए एक नई आवासीय योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह घोषणा अपने आधिकारिक निवास पर पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चाहते हैं कि हर पत्रकार के पास अप
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
उत्तर प्रदेश सरकार ने अब पत्रकारों के लिए एक नई आवासीय योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह घोषणा अपने आधिकारिक निवास पर पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चाहते हैं कि हर पत्रकार के पास अपना खुद का मकान हो। मुख्यमंत्री ने इस मांग को 15 दिनों पूरा किए जाने का भरोसा भी दिलाया।
राज्य मुख्यालय के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए यह नई आवासीय योजना की घोषणा करने पर उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति ने सूबे के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि लखनऊ में पत्रकारों के लिए दो दशकों के बाद नई आवासीय योजना की शुरुआत हो रही है जिसके लिए मुख्यमंत्री साधुवाद के पात्र हैं।
बता दें कि लखनऊ में कार्यरत संवाददाताओं के लिए आवासीय योजना लाने की मांग समिति बीते ढाई सालों से उठा रही थी, जिसे लेकर समिति ने कई बार मुख्यमंत्री से लिखित और मौखिक में अनुरोध किया गया था। अब आखिरकार पत्रकारों का अपना आवास होने का यह सपना जन्माष्टमी के दिन मुख्यमंत्री ने किए वादे से पूरा होता दिख रहा है।
हेमंत तिवारी ने बताया कि पत्रकारों की इस मांग पर ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके लिए राजधानी के अवध विहार आवासीय कालोनी में फ्लैट बनाने के लिए कहा है। अवध विहार कालोनी में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बहुमंजिला आवासीय टावर बनाने जा रही है। पत्रकारों के लिए बनाए जा रहे इन टावरों का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा।
तिवारी ने कहा कि बीते 20 सालों से राजधानी में कार्यरत पत्रकारों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। सरकारी आवासों की संख्या सीमित होने के चलते बड़ी तादाद में पत्रकारों के सामने रहने का संकट रहता है। खासतौर पर राजधानी में कार्यरत नई पीढ़ी के पत्रकारों को अब तक सरकार की किसी भी आवासीय योजना का लाभ नही मिला है।
उन्होंने बताया कि पत्रकारों की इस जरूरी मांग पर ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके लिए आवासीय योजना शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। तिवारी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पत्रकारों को ज्यादा से ज्यादा आवासीय योजना का लाभ मिल सके इसके लिए उन्हें वित्तीय संस्थानों से कर्ज दिलाने की पहल सरकारी स्तर पर की जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने 90 के दशक में पत्रकारों के लिए विराज खंड आवासीय योजना की शुरुआत की थी।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स