होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘इंडिया टीवी’ को गुडबाय बोल अभिषेक उपाध्याय को मिली नई मंजिल...
‘इंडिया टीवी’ को गुडबाय बोल अभिषेक उपाध्याय को मिली नई मंजिल...
अपनी बेहतरीन रिपोर्टिंग से मीडिया जगत में एक अलग पहचान बना चुके टीवी पत्रकार...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अपनी बेहतरीन रिपोर्टिंग से हिंदी मीडिया जगत में एक अलग पहचान बना चुके टीवी पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने ‘इंडिया टीवी’ (India TV) को गुडबाय बोल दिया है। ‘इंडिया टीवी’ में वे एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे। अभिषेक ने अपने नए सफर का आगाज भी कर दिया है, वे अब ‘टीवी9’ (TV9) समूह के नवोदित हिंदी न्यूज चैनल का हिस्सा होंगे, जहां उन्हें स्पेशल असाइनमेंट की जिम्मेदारी दी गई है। वैसे ‘टीवी9’ में ये उनकी दूसरी पारी है।‘टीवी9’ में अपनी पहली पारी में वे साल 2010 में मुंबई ब्यूरो चीफ रह चुके हैं।
अभिषेक ने ‘इंडिया टीवी’ फरवरी, 2013 में जॉइन किया था और इस दौरान उन्होंने कई स्पेशल व इनवेस्टिगेटिव स्टोरीज की, राष्ट्रीय और अंतरराट्रीय घटनाओं और उत्तर प्रदेश व कश्मीर राज्य के विशेष मुद्दों को भी कवर किया।
प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से सम्मानित अभिषेक ने ‘इंडिया टीवी’ में कई बड़ी खबरें भी ब्रेक की, जिनमें आजम खान से जुड़ा वक्फ घोटाला भी शामिल है और इस पर सीबीआई जांच के आदेश दिए जा चुके हैं।
‘इंडिया टीवी’ में रहते हुए उन्हें कुछ स्पेशल प्रोग्राम्स की एंकरिंग करने का मौका भी मिला, जिसमें 2017 के गुजरात चुनाव पर आधारित शो रहा। इसके अलावा गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘चाय पर चर्चा’ शो को भी वे होस्ट कर चुके हैं।
‘इंडिया टीवी’ में आने से पहले अभिषेक ‘दैनिक भास्कर’ ग्रुप के साथ (2011-2012) जुड़े हुए थे। यहां भी वे एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे।
अभिषेक ‘आईबीएन7’ (IBN7) में भी पांच सालों तक काम कर चुके हैं। वे 2005 से 2010 तक यहां रहे और सीनियर स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट की भूमिका निभाई।
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले अभिषेक ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट से की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे 2003 में हिंदी दैनिक ‘अमर उजाला’ (Amar Ujala) से बतौर ट्रेनी रिपोर्टर व सब एडिटर के तौर पर जुड़े थे।
अभिषेक एक थिएटर आर्टिस्ट व कवि भी हैं। वे राष्ट्रीय स्तर के नाटकों में हिस्सा ले चुके हैं।वे नोबेल प्राइज विनर नाटक 'वेटिंग फ़ॉर गोडो' का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनकी कविताओं को भी खूब सराहा जाता रहा है।
टैग्स इंडिया टीवी अभिषेक उपाध्याय टीवी9