होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ZEE ने इनवेस्को के खिलाफ खोला नया ‘मोर्चा’, लगाया ये आरोप
ZEE ने इनवेस्को के खिलाफ खोला नया ‘मोर्चा’, लगाया ये आरोप
स्टॉक एक्सचेंज को दिए गए स्टेटमेंट में 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ का कहना है, ‘जी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) और ‘इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट फंड्स’ (Invesco Developing Market Funds) वाले मामले में नया मोड़ आया है। दरअसल, स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ ने कहा है कि ‘इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट फंड्स’ ने पहले उन्हें एक बड़े भारतीय समूह के साथ कंपनी का विलय करने की पेशकश की थी।
स्टॉक एक्सचेंज को दिए गए इस स्टेटमेंट में 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ का कहना है, ‘जी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इनवेस्को के प्रतिनिधि के तौर पर अरुण बलानी और भवतोष वाजपेयी की ओर से पुनीत गोयनका के सामने फरवरी 2021 में एक डील पेश की गई थी, जिसमें कंपनी और एक बड़े भारतीय समूह के स्वामित्व वाली कुछ संस्थाओं का विलय शामिल था।’
इस स्टेटमेंट के अनुसार, 'इस डील में पेशकश की गई थी कि उपरोक्त विलय के पूरा होने पर रणनीतिक समूह के पास विलय की गई इकाई में बहुमत हिस्सेदारी होगी और पुनीत गोयनका को एमडी और सीईओ के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें चार प्रतिशत हिस्सेदारी देने की पेशकश भी की गई थी।'
'जी' के अनुसार, 'इनवेस्को ने गोयनका के रणनीतिक समूह के साथ कथित विलय प्रस्ताव के विरोध के बारे में कहा था कि यह डील उनके साथ या उनके बिना पूरा की जाएगी। इनवेस्को ने बार-बार गोयनका को कहा कि अगर उन्होंने डील को आगे बढ़ाने से इनकार किया तो उन्हें और उनके परिवार को नुकसान होगा।'
टैग्स पुनीत गोयनका जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड इनवेस्को