होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ZEE समूह में अब नई जिम्मेदारी निभाएंगे मनीष चोखानी
ZEE समूह में अब नई जिम्मेदारी निभाएंगे मनीष चोखानी
‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) ने मनीष चोखानी (Manish Chokhani) को कंपनी में नई जिम्मेदारी दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) ने मनीष चोखानी (Manish Chokhani) को कंपनी का नॉन एग्जिक्यूटिव नॉन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में 31 मार्च 2021 को अपना दूसरा कार्यकाल पूरा होने पर अब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी यह नियुक्ति एक अप्रैल 2021 से प्रभावी होगी।
‘बीएसई इंडिया’ (BSE India) को दिए एक आधिकारिक स्टेटमेंट में ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ का कहना है,‘मनीष चोखानी ने इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में 31 मार्च को अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर लिया है। नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिशों के आधार पर कंपनी के निदेशक मंडल ने एक अप्रैल 2021 से कंपनी के नॉन एग्जिक्यूटिव नॉन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में चोखानी की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है।’
बताया जाता है कि चोखानी को इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में पहले कार्यकाल के लिए एक अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2018 तक और दूसरे कार्यकाल के लिए एक अप्रैल 2018 से 31 मार्च 2021 तक के लिए नियुक्त किया गया था। चोखानी चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ-साथ लंदन बिजनेस स्कूल से एमबीए हैं। वह देश के जाने-माने वित्तीय विशेषज्ञ और निवेशकों में शामिल हैं। चोखानी वर्ष 2006 से 2011 तक देश के प्रमुख निवेशक बैंक (Enam Securities) के सीईओ रह चुके हैं।
वर्तमान में वह वेस्टलाइफ डेवलपमेंट लिमिटेड (मैकडॉनल्ड्स), शॉपर्स स्टॉप लिमिटेड (Shoppers Stop Limited), औक्सिलो फिनवेर्व प्राइवेट लिमिटेड (Auxilo Finserve Private Limited) और पार्कसंस पैकेजिंग लिमिटेड (Parksons Packaging Limited) सहित विभिन्न बोर्डों में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य करते हैं। इसके अलावा वह ‘फ्लेम यूनिवर्सिटी’ (Flame University) के गवर्निंग बोर्ड में भी शामिल हैं।
टैग्स जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड नियुक्ति मनीष चोखानी