होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हैप्पी बर्थडे अंजना ओम कश्यप: इन्हीं खूबियों से आपने दर्शकों के दिलों में बनाई है खास जगह
हैप्पी बर्थडे अंजना ओम कश्यप: इन्हीं खूबियों से आपने दर्शकों के दिलों में बनाई है खास जगह
अंजना ओम कश्यप की खासियत है कि अपने डिबेट शो में वे किसी भी मुद्दे पर ऐसी धारदार एंकरिंग करती हैं कि अपने प्रश्नों से सामने वालों को सोच में डाल देती हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
हिंदी पत्रकारिता जगत में अंजना ओम कश्यप एक ऐसा नाम है, जो न केवल एंकरिंग से ही बल्कि, रिपोर्टिंग से भी प्रसिद्धि प्राप्त कर चुकी हैं। आज का दिन अंजना ओम कश्यप की जिंदगी में बेहद खास है, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है।
अंजना कश्यप की खासियत है कि अपने डिबेट शो में वे किसी भी मुद्दे पर ऐसी धारदार एंकरिंग करती हैं कि अपने प्रश्नों से सामने वालों को सोच में डाल देती हैं। उन्होंने बहुत ही कम समय में ही अपनी प्रतिभा को निखारा है और उसे बुलंदियों तक ले गईं हैं।
दूरदर्शन से शुरू हुआ उनका सफर इन दिनों हिंदी के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल 'आजतक' पर प्रखर पत्रकारिता के परचम लहरा रहा है। वह यहां सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और सीनियर एंकर और सीनियर कॉरेस्पोंडेंट की भूमिका में अपना योगदान दे रहीं हैं।
समसामयिक मुद्दों पर अंजना की धारदार टिप्पणी ने जहां वैचारिक बहस को आगे बढ़ाया, तो वहीं टीवी की दुनिया के उनके निजी अनुभवों ने नवागत पत्रकारों के समक्ष मेहनत और अनुशासन का संदेश दिया।
दिल्ली गैंग रेप पर अंजना की कहानी ने पूरे देश में हलचल पैदा कर दी थी। अपनी कहानी में जहां उन्होंने लोगों को रात में दिल्ली की स्थिति का आईना दिखाया था और रिपोर्टिंग करते समय अपने साथ हुई छेड़खानी का लाइव कवरेज कर दर्शकों को दिखाया और जागरूक किया कि किस तरह से रात में महिलाओं के लिए दिल्ली असुरक्षित है। उनकी इस खबर ने दर्शकगण को ही नहीं बल्कि मीडिया जगत भी हिलाकर रख दिया।
अंजना ओम कश्यप ने अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए कई बड़े मुद्दों को कवर किया है। उन्होंने लोकसभा चुनावों के साथ कई राज्यों के विधानसभा चुनवों को भी कवर किया है। इसके अलावा उन्होंने तमाम बड़े राजनेताओं के साक्षात्कार भी किए हैं।
अंजना ओम कश्यप ने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले क्राइम शो ‘आंखो देखी’ से की। उसके बाद वे ‘जी न्यूज’ के साथ जुड़ गईं और वहां वे साढ़े नौ बजे प्रसारित होने वाला टीवी कार्यक्रम ‘स्पेशल रिपोर्ट’ की टीम का हिस्सा बनीं। अंजना ने एंकरिंग की शुरुआत भी ‘जी न्यूज’ से की। वहां रहकर उन्होंने ‘जागो इंडिया’ और दस बजे प्रसारित होने वाला न्यूज कार्यक्रम ‘बड़ी खबर’ की एंकरिंग की। उनकी सबसे बड़ी कवरेज कुरूक्षेत्र से ‘प्रिंस एपिसोड’ थी, जिसमें स्टूडियो से उन्होंने रात-दिन एंकरिंग की।
‘जी न्यूज’ में पांच साल काम करने के बाद अंजना ‘न्यूज24’ के साथ जुड़ गई। अंजना की एंकरिंग का अंदाज ही उनकी प्रतिभा की पहचान को दर्शाता है। उनके एंकरिंग के अंदाज के न केवल दर्शक बल्कि मीडिया जगत के लोग भी कायल हैं। ‘न्यूज24’ में अंजना ने आठ बजे प्रसारित होने वाला डिबेट शो ‘दो टूक’ की एंकरिंग की। ‘न्यूज24’ में चार साल काम करने के बाद अंजना ओम कश्यप ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज) के साथ जुड़ गईं थीं और यहां रहकर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। न केवल बड़ी बहस जैसे शो की एंकरिंग की, बल्कि दूसरे शहरों में जाकर भी उन्होंने स्टार न्यूज के लिए कई डिबेट शो भी किए।
अंजना ओम कश्यप को टेलीविजन का लगभग डेढ़ दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। राजनीतिक मुद्दों पर बहस अंजना कश्यप का पसंदीदा विषय है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से जर्नलिज्म में डिप्लोमा लिया है।
अंजना ओम कश्यप उन युवाओं के लिए प्रेरणा का श्रोत बन गई हैं, जो पत्रकारिता जगत में कदम रख रहे हैं। बहुत ही कम समय में उन्होंने न केवल आसमान की बुलंदियों को छुआ, बल्कि वे अब अपनी दमदार एंकरिंग और अपनी प्रतिभा से मीडिया जगत में एक चमकता सितारा हैं। समाचार4मीडिया की ओर से आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।
टैग्स आजतक एंकर अंजना ओम कश्यप