होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / एथलीट दुती चंद ने वेब चैनल के संपादक पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने लिया ये एक्शन
एथलीट दुती चंद ने वेब चैनल के संपादक पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने लिया ये एक्शन
इस संबंध में दुती चंद ने भुवनेश्वर की सिविल कोर्ट में पांच करोड़ रुपये का मानहानि का मामला भी दायर किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
जानी-मानी एथलीट दुती चंद के खिलाफ मानहानिकारक समाचार प्रसारित करने के आरोप में भुवनेश्वर पुलिस ने एक वेब चैनल के संपादक सुधांशु शेखर राउत को गिरफ्तार किया है। संपादक को शुरू में पूछताछ के लिए शुक्रवार को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
दुती चंद ने भुवनेश्वर के महिला थाने में सुधांशु शेखर राउत, वेब चैनल की रिपोर्टर स्मृति रंजन बेहरा और एक सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और इनके खिलाफ मानसिक उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और अश्लील सामग्री प्रकाशित करने का आरोप लगाया था। अपनी शिकायत में दुती ने आरोप लगाया कि वेब चैनल ने उनके निजी मुद्दों के बारे में अपमानजनक खबरें प्रसारित कीं, जिसका प्रतिकूल असर पिछले दिनों टोक्यो ओलंपिक के दौरान उनके प्रदर्शन पर पड़ा।
अपनी शिकायत में दुती ने कहा है कि चैनल के सीनियर पत्रकार ने उनसे वो इंटरव्यू न छापने के पैसे मांगे, जिसमें उनके परिवार ने कथित तौर पर उनके निजी मुद्दों पर बात की है। इस संबंध में दुती चंद ने भुवनेश्वर की सिविल कोर्ट में पांच करोड़ रुपये का मानहानि का मामला भी दायर किया है। मामले में अगली सुनवाई अब 15 सितंबर को होगी। दुती चंद की शिकायत के बाद पुलिस ने वेब पोर्टल के कार्यालय की तलाशी ली और कंप्यूटर समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।
टैग्स गिरफ्तार वेब चैनल दुती चंद सुधांशु शेखर राउत