होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Max अब फिर कहलाएगा HBO Max, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने की रीब्रैंड की घोषणा
Max अब फिर कहलाएगा HBO Max, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने की रीब्रैंड की घोषणा
वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (WBD) ने ऐलान किया है कि इस गर्मी में उसका प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Max अब फिर से HBO Max के नाम से जाना जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (WBD) ने ऐलान किया है कि इस गर्मी में उसका प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Max अब फिर से HBO Max के नाम से जाना जाएगा। यह जानकारी कंपनी ने अपने वित्तीय साल 2025 की पहली तिमाही के नतीजों के साथ साझा की है।
WBD ने कहा कि उसकी स्ट्रीमिंग सर्विस ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। पिछले दो सालों में उसने करीब 3 अरब डॉलर के नुकसान को मुनाफे में बदला है और पिछले एक साल में 2.2 करोड़ नए ग्राहक जोड़े हैं। कंपनी का लक्ष्य है कि 2026 के अंत तक यह आंकड़ा 15 करोड़ से ज्यादा तक पहुंचाया जाए।
WBD का कहना है कि यह सफलता रणनीति में बदलाव की वजह से आई है, लिहाजा अब फोकस ऐसे कंटेंट पर किया जा रहा है जो दर्शकों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है, जैसे HBO शोज, हाल की हिट फिल्में, डॉक्यूमेंट्री सीरीज, कुछ खास रियलिटी शोज, Max और लोकल ओरिजिनल्स। वहीं दूसरी तरफ उन शैलियों पर ध्यान कम किया गया है जो न तो दर्शकों को जोड़ती हैं, न नए सब्सक्राइबर लाती हैं।
कंपनी ने यह भी कहा कि आज के दर्शक ज्यादा कंटेंट नहीं, बल्कि बेहतर कंटेंट चाहते हैं। इसी सोच के साथ अब HBO ब्रांड को फिर से स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के नाम में शामिल किया जा रहा है, जिससे दर्शकों को यह साफ़ संकेत मिले कि उन्हें यहां पर शानदार और खास क्वालिटी का कंटेंट मिलेगा।
WBD के CEO डेविड जासलव ने कहा, “हमारी स्ट्रीमिंग सर्विस की जबरदस्त ग्रोथ की नींव हमारी बेहतरीन प्रोग्रामिंग है। HBO एक ऐसा नाम है जो मीडिया में क्वालिटी का प्रतीक बन चुका है, और हम चाहते हैं कि आने वाले सालों में यह ग्रोथ और तेज हो।”
स्ट्रीमिंग बिजनेस के प्रेसिडेंट JB Perrette ने कहा कि कंपनी का मकसद हर किसी के लिए सब कुछ देने का नहीं, बल्कि परिवारों और वयस्क दर्शकों के लिए कुछ हटकर और शानदार देने का है।
HBO और Max कंटेंट के चेयरमैन केसी ब्लॉइज ने कहा, “आज हम जिस दिशा में बढ़ रहे हैं, उसमें HBO Max नाम हमारी सोच और दर्शकों के लिए किए वादे को बेहतर तरीके से दर्शाता है- ऐसा कंटेंट जो खास हो और जिसके लिए लोग वाकई में पैसा खर्च करना चाहें।”
टैग्स