होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों के हित में यहां की राज्य सरकार ने लिए कई अहम फैसले
पत्रकारों के हित में यहां की राज्य सरकार ने लिए कई अहम फैसले
रविवार को आयोजित पत्रकार यूनियन के द्वितीय प्रांतीय सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को किया गया सम्मानित।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के हित में कई अहम फैसले लिए हैं। इसके तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकार कल्याण कोष के अधीन दी जाने वाली पत्रकार पेंशन की धनराशि पांच हजार रुपये से बढ़ाकर आठ हजार रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री ने विशेष प्रमुख सचिव (सूचना) अभिनव कुमार को निर्देश दिए हैं कि पत्रकारों को दी जाने वाली पेंशन से संबंधित नियमों को सरल बनाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए पूर्व की भांति सूचना विभाग की ओर से आवास व्यवस्था करने की घोषणा की है।
रविवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी ऑडिटोरियम में आयोजित उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के द्वितीय प्रांतीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पुष्कर सिंह धामी ने यह घोषणाएं की। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य,समाजसेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को उत्तराखंड पत्रकार यूनियन देवभूमि रत्न अवार्ड से सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की स्मारिका का भी विमोचन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा,’एक पत्रकार हमेशा समाज को शिक्षा देने के साथ दिशा देने का भी कार्य करता है। पत्रकारिता का छात्र होने के नाते मैं पत्रकारिता क्षेत्र की समस्याओं से भी परिचित हूं। आज समय के साथ पत्रकारिता के आयाम बदले हैं।’ पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज में निडर, निर्भीक, निष्पक्ष पत्रकारिता का अहम योगदान रहता है। उन्होंने पत्रकारों से हमेशा साफ-सुथरी एवं निर्भीक, निष्पक्ष व निडर पत्रकारिता के साथ चलने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में मौजूद विशेष प्रमुख सचिव (सूचना) अभिनव कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा में आने से पहले वह भी एक पत्रकार रहे हैं। यह संयोग ही है कि उन्हें आज पत्रकारों के साथ सहयोगी के रूप में कार्य करने का भी अवसर मिला है। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से सकरात्मक एवं तथ्यात्मक रूप से जो कमियां उन्हें दिखाई दें, उन्हें बताने और समाजहित से जुड़े कार्यों के प्रचार प्रसार में सहयोग की अपेक्षा की।
टैग्स उत्तराखंड सरकार पत्रकार पेंशन पुष्कर सिंह धामी