होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 18 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों की उत्तराखंड सरकार यूं करेगी मदद
18 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों की उत्तराखंड सरकार यूं करेगी मदद
सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो आवेदन पत्र पूर्ण नहीं हैं, उन्हें पूर्ण करते हुए 15 दिनों में मुख्यालय को भेजें
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पत्रकार हित में बड़ा निर्णय लिया है। दरअसल, उन्होंने 18 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने यह निर्णय पत्रकार कल्याण कोष के अन्तर्गत आपदाग्रस्त पत्रकारों व उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता दिये जाने हेतु गठित समिति की सिफारिश पर लिया है। बता दें कि मुख्यमंत्री ही इस समिति के अध्यक्ष हैं।
पत्रकार कल्याण कोष के गठन के उपरांत यह एकमुश्त सबसे बड़ी सहायता राशि 90 लाख रुपए है। उन्होंने 18 दिवंगत पत्रकारगणों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इनमें से कुछ पत्रकारों की मृत्यु कोविड संक्रमण से हुई है।
अपने इस निर्णय को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष से 18 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। महानिदेशक सूचना को निर्देश दिए गए हैं कि जिन मामलों में आवेदन प्राप्त नहीं है या अभिलेख पूर्ण नहीं है, उनको भी आर्थिक सहायता दिए जाने के लिए सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर ली जाएं।
महानिदेशक सूचना रणबीर सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष के लिए गठित समिति की बैठक एक जून को हुई थी। समिति के समक्ष राज्यभर से 18 प्रस्ताव आए थे, जिन्हें आर्थिक सहायता दिए जाने की संस्तुति समिति द्वारा की गई। समिति के समक्ष आठ प्रस्ताव ऐसे भी आए थे, जिनके अभिलेख पूर्ण नहीं पाए गए।
इसके लिए सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो आवेदन पत्र पूर्ण नहीं हैं, उन्हें पूर्ण करते हुए 15 दिनों में मुख्यालय को भेजें, ताकि अगली बैठक में आर्थिक सहायता दिए जाने पर विचार किया जा सके।
टैग्स पत्रकार मदद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड सरकार 18 दिवंगत पत्रकार