होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अश्विनी वैष्णव ने किया NFDC का दौरा, भारतीय सिनेमा की धरोहर को संरक्षित करने पर जोर
अश्विनी वैष्णव ने किया NFDC का दौरा, भारतीय सिनेमा की धरोहर को संरक्षित करने पर जोर
सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम की गतिविधियों की व्यापक समीक्षा के लिए सोमवार को मुंबई में NFDC परिसर का दौरा किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) की गतिविधियों की व्यापक समीक्षा के लिए सोमवार को मुंबई में NFDC परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुलशन महल की ऐतिहासिक इमारत और भारतीय सिनेमा के राष्ट्रीय संग्रहालय का भी निरीक्षण किया, जहां मूक युग से लेकर आज तक की फिल्मों की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया है।
सीबीएफसी के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने मंत्री को फिल्मों की प्रमाणन प्रक्रिया और फिल्म उद्योग में चल रही नई पहलों की जानकारी दी। मंत्री ने इस समीक्षा के दौरान फिल्म क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने और उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियों को सृजित करने पर बल दिया। उन्होंने भारतीय सिनेमा की धरोहर को संरक्षित रखने के लिए एनएफडीसी और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार (एनएफएआई) के प्रयासों की सराहना की।
वैष्णव ने यह भी कहा कि फिल्मों को संरक्षित रखना जरूरी है ताकि आने वाली पीढ़ियां इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का लाभ उठा सकें। उन्होंने एनीमेशन और दृश्य प्रभावों के महत्व को रेखांकित करते हुए AVGC (एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स) क्षेत्र में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की महानिदेशक स्मिता वत्स शर्मा, एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक पृथुल कुमार, सीबीएफसी के सीईओ राजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। दौरे के दौरान मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत एक पौधा भी लगाया।
टैग्स केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड अश्विनी वैष्णव केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम