होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PM व CM के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पत्रकार समेत दो पर FIR
PM व CM के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पत्रकार समेत दो पर FIR
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर उसे वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक पत्रकार समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर उसे वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक पत्रकार समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आईटी एक्ट के तहत यह मुकदमा उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के चौबिया पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इटावा के एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बारे में अपमानजनक शब्दों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इस पर इटावा पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए चौबिया थाने में नामजद युवक व अज्ञात पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चौबिया थाने के एसएचओ अंकुश कुमार राघव के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामले की जांच की गई तो इसे पोस्ट करने वाले की पहचान हुई। इस वीडियो को चौबिया थाना क्षेत्र के भदमई गांव निवासी अंकुश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। अंकुश यादव इस वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पाया गया।
एसएचओ के अनुसार, ‘इस वीडियो में अंकुश यादव को अज्ञात पत्रकार द्वारा बार-बार उकसाया गया था। अंकुश यादव और अज्ञात पत्रकार के खिलाफ आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हम पत्रकार की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।’
बताया जाता है कि अंकुश यादव बेराजगार है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद वह अपना दर्द बयान करते हुए वीडियो में कह रहा है कि अब नौकरी की उम्मीद खत्म हो गई है, इसलिए गुजरात नौकरी करने के लिए जा रहा है। इसी बीच कोई टीवी पत्रकार अंकुश से बेरोजगारी से जुड़े हुए सवाल करके उसका पक्ष लेता है, जिसमें वह युवक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करता हुआ दिखाई देता है।
टैग्स पीएम मोदी एफआईआर सीएम योगी आपत्तिजनक वीडियो