होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TV9 न्यूज नेटवर्क का वैश्विक शिखर सम्मेलन 17-18 जून को
TV9 न्यूज नेटवर्क का वैश्विक शिखर सम्मेलन 17-18 जून को
TV9 न्यूज नेटवर्क 17 और 18 जून को दिल्ली के ताज पैलेस में ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे’ नाम से एक वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
TV9 न्यूज नेटवर्क 17 और 18 जून को दिल्ली के ताज पैलेस में ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे’ (What India Thinks Today) नाम से एक वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इस ग्लोबल समिट (Global Summit) के मंच पर राजनीति, शासन, अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य, संस्कृति और खेल जगत के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली व्यक्ति शिरकत करेंगे।
TV9 समूह का यह आयोजन राजनीति व शासन, व्यापार व अर्थव्यवस्था, सामाजिक-संस्कृति व स्वास्थ्य व्यवस्था और खेल व मनोरंजन जैसे चार महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है। यहां इस बात पर चर्चा होगी कि कैसे भारत ने प्रतिकूल परिस्थितियों में नई विश्व व्यवस्था का सफलतापूर्वक सामना किया है।
टीवी9 की मेजबानी में ऐसी 75 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शख्सियत इस शिखर सम्मेलन में अपनी बात रखेंगे। इस ग्लोबल थिंक फेस्ट में वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती दावेदारी, विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर भारत और वैश्विक आतंकवाद जैसे अहम और गंभीर विषयों पर मंथन होगा।
अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय वक्ताओं में देश के गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे बड़े नेता शामिल हैं। कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस मंच से अपनी बात रखेंगे।
130 करोड़ भारतीयों को अपने साथ जोड़े रखने की आकांक्षा के साथ ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे’ ग्लोबल समिट का उद्घाटन सत्र ‘विश्वगुरु: कितने पास, कितने दूर’ विषय पर केंद्रित होगा। कार्यक्रम के पहले दिन 17 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिखर सम्मेलन का मुख्य भाषण देंगे, जबकि दूसरे दिन 18 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस समिट का शुभारंभ करेंगे। भारत विश्वगुरु बनने के कितने करीब है, इस विषय पर 15 केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और देश के विभिन्न राज्यों से आए मुख्यमंत्री भी अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे।
टैग्स TV9 न्यूज नेटवर्क 18 जून व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे वैश्विक शिखर सम्मेलन