होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘TV9 Network’ के मंच पर बोले पीएम मोदी, 21वीं सदी के भारत ने छोटा सोचना छोड़ दिया है
‘TV9 Network’ के मंच पर बोले पीएम मोदी, 21वीं सदी के भारत ने छोटा सोचना छोड़ दिया है
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टीवी9 नेटवर्क’ ने दिल्ली में तीन दिवसीय ग्लोबल समिट का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम हस्तियों ने शिरकत की और अपने विचार रखे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) ने दिल्ली में 25 फरवरी से तीन दिवसीय ग्लोबल समिट 'व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे' (What India Thinks Today) का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की और अपने विचार रखे। 25 फरवरी को कार्यक्रम की शुरुआत ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) के एमडी और सीईओ बरुण दास के संबोधन से हुई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी बात रखी। इस कॉन्क्लेव के पहले और दूसरे दिन मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य और संस्कृति से जुड़े सेशन हुए।
इस दौरान आठ नामचीन हस्तियों को ‘नक्षत्र’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन, बैडमिंटन चैंपियन अनमोल खरब, क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन, ग्रैमी अवॉर्ड विजेता व बांसुरी वादर राकेश चौरसिया, एथलीट हरमिलन बैंस, शूटर सिफ्त कौर समरा, ग्रैमी विजेता संगीतकार वी सेल्वगणेश और अभिनेता अल्लू अर्जुन शामिल रहे।
समिट के दौरान 26 फरवरी को अपने संबोधन की शुरुआत में ‘टीवी9 के दर्शकों और वहां उपस्थित सभी लोगों का अभिभावदन करते हुए पीएम मोदी का कहना था, ‘हमारे यहां पुराने जमाने में युद्ध में जाने से पहले बहुत जोरों की दुंदुभि बजाई जाती थी। बड़े बिगुल बजाए जाते थे, ताकि जाने वाला जरा जोश में जाए। मैं अक्सर भारत की विविधता की चर्चा करता रहता हूं। यह विविधता टीवी9 के न्यूज रूम और रिपोर्टिंग टीम में नजर आती है और इसका प्रतिनिधित्व करती है। टीवी9 के अनेक भारतीय भाषाओं में मीडिया प्लेटफॉर्म्स हैं। यह भारत की जीवंत लोकतांत्रिकता का प्रतीक भी है। मैं अलग-अलग राज्यों में और अलग-अलग भाषाओं में टीवी9 में काम करने वाले सभी पत्रकार साथियों का, टेक्निकल टीम का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।’
पीएम मोदी का कहना था, ‘टीवी9 की टीम ने इस समिट के लिए काफी अच्छा टॉपिक ‘India Poised for the next big leap’ चुना है। और बड़ी छलांग यानी (Big Leap) हम तभी लगा सकते हैं, जब हम जोश में हो, ऊर्जा से भरे हों। कोई हताश या निराश फिर चाहे देश हो अथवा व्यक्ति इस बारे में सोच ही नहीं सकता। यह थीम ही अपने आप में यह बताने के लिए काफी है कि आज के भारत का आत्मविश्वास किस ऊंचाई पर है। आकांक्षा क्या है। अगर आज दुनिया को लगता है कि भारत एक बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है तो उसके पीछे दस साल का शक्तिशाली लॉन्च पैड है। आखिर इन दस वर्षों में क्या बदला है तो ये बदलाव माइंडसेट का है, ये बदलाव सेल्फ कॉन्फिडेंस और ट्रस्ट का है। ये बदलाव सुशासन का है। साथियों, एक पुरानी कहावत है कि मन के हारे हार है और मन के जीते जीत। हारे हुए मन से विजय मिलनी बहुत मुश्किल है। इसलिए पिछले दस वर्षों में माइंडसेट में जो बदलाव आया है, जो छलांग हमने लगाई है, वह वाकई अद्भुत है।’
पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी का कहना था, ‘अब सिर्फ दस वर्षों में भारत दुनिया की टॉप-5 अर्थव्यवस्था में आ गया है। आज देश में जरूरी नीतियां तेजी से बनती हैं और निर्णय भी उतनी ही तेजी से लिए जाते हैं। माइंडसेट में बदलाव ने कमाल करके दिखा दिया है। 21वीं सदी के भारत ने छोटा सोचना छोड़ दिया है।’
इस दौरान पीएम का कहना था, ‘साथियों, 21वीं सदी के भारत को अपने आने वाले दशकों के लिए भी हमें आज ही तैयार करना होगा। इसलिए आज भारत भविष्य की योजनाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्पेस से सेमीकंडक्टर तक, डिजिटल से ड्रोन तक, 5जी से फिनटेक तक भारत आज दुनिया की अगली कतार में पहुंच गया है। भारत आज अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन रात मेहनत कर रहा है। इसलिए लोग कहने लगे हैं कि इंडिया इज फ्यूचर। आने वाला समय महत्वपूर्ण है। आने वाले पांच साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। आप सभी लोगों के सामने मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में हमें भारत के सामर्थ्य को नई ऊंचाई तक पहुंचाना है। विकसित भारत की संकल्प यात्रा में आने वाले पांच साल हमारे देश की प्रगति और प्रशस्ति के वर्ष हैं।’
वहीं, इससे पहले ‘टीवी9 नेटवर्क’के एमडी और सीईओ बरुण दास ने स्वागत भाषण (Welcome Speech) दिया। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘इस मंच पर प्रधानमंत्री का स्वागत करना मेरे लिए काफी सौभाग्य की बात है। मोदी जी आप न सिर्फ नए भारत के निर्माणकर्ता है, बल्कि अगले एक हजार वर्षों के लिए देश की नई आधारशिला रखने में जुटे हुए हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि मोदीजी ने देश को एक नई दिशा में ले जाने का काम किया है। यहां मैं अपने तीन मोदी मंत्रा शेयर करना चाहूंगा। इनमें से पहला Written on Governance, दूसरा Modi Multiplier और तीसरा CDR यानी Citizen DNA Reset’ है। इसके साथ ही उन्होंने इन तीनों मंत्रा के बारे में विस्तार से भी बताया।
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी हेमंत शर्मा बरुण दास टीवी9 नेटवर्क टीवी9 कॉन्क्लेव ग्लोबल समिट