होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / टीवी9 नेटवर्क से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अंशुमान तिवारी, मिली यह बड़ी जिम्मेदारी
टीवी9 नेटवर्क से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अंशुमान तिवारी, मिली यह बड़ी जिम्मेदारी
जाने-माने बिजनेस पत्रकार अंशुमान तिवारी ने ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह यहां पर इंडिया टुडे (हिंदी) के संपादक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
जाने-माने बिजनेस पत्रकार अंशुमान तिवारी ने ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह यहां पर इंडिया टुडे (हिंदी) के संपादक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। अंशुमान तिवारी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना नया सफर अब ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) के साथ शुरू किया है। उन्होंने यहां पर नेटवर्क की बहुभाषी बिजनेस वेबसाइट ‘मनी9’ (Money9) में बतौर एडिटर जॉइन किया है।
बता दें कि यह प्लेटफॉर्म अभी हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है और जल्द ही तेलुगु, कन्नड़, मराठी, गुजराती और बंगाली भाषाओ में भी उपलब्ध होगा। ‘मनी9’ को लॉन्च करने वाले वरिष्ठ पत्रकार राकेश खार को नेटवर्क में बिजनेस और इकनॉमी एडिटर के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।
अंशुमान तिवारी की फाइनेंस और इकनॉमी पर काफी अच्छी पकड़ है। उन्हें पर्सनल फाइनेंस, पब्लिक फाइनेंस इकनॉमी और कैपिटल मार्केट के जटिल मुद्दों को समझाने की उनकी नवीन और सरल शैली के लिए जाना जाता है। प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से सम्मानित अंशुमान तिवारी को खोजी पत्रकारिता के लिए उन्हें ‘वैन इफ्रा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार’ (WAN-IFRA International award) भी मिल चुका है। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेस्ट इकनॉमिक शो के लिए उन्हें ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड’ (ENBA) भी मिल चुका है।
अंशुमान तिवारी की नियुक्ति के बारे में ‘टीवी9 नेटवर्क’ के सीईओ बरुण दास का कहना है, ‘TV9 नेटवर्क देश का सबसे बड़ा टेलीविजन समाचार नेटवर्क है, जिसकी सभी भाषाओं में काफी मजबूत उपस्थिति है। ‘मनी9’ विभिन्न भाषाओं में फाइनेंस कंटेंट को आसान और लोगों की समझ में आने वाले फॉर्मेट में पेश करेगा। अंशुमान तिवारी के नेतृत्व में एडिटोरियल टीम इस काम को बेहतर तरीके से अंजाम देगी। मुझे विश्वास है कि अंशुमान तिवारी के नेतृत्व में नेटवर्क देश में पर्सनल फाइनेंस जर्नलिज्म में नए मानक स्थापित करेगा।‘
वहीं, इस बारे में अंशुमान तिवारी का कहना है, ‘इंडिया टुडे समूह में सात साल की शानदार पारी के बाद इस नियुक्ति को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैं हमेशा पर्सनल फाइनेंस के क्षेत्र में कुछ नया करना चाहता हूं और यह हमेशा मेरे लिए जुनून का विषय रहा है। मुझे खुशी है कि मैं टीवी9 नेटवर्क में अपने प्रोफेशन और पैशन को एक नई दिशा दूंगा।‘
टैग्स एडिटर अंशुमान तिवारी इंडिया टुडे ग्रुप टीवी9 नेटवर्क मनी9