होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वसूली के लिए काम नहीं आया तीन ‘पत्रकारों’ का ये फंडा, भेजे गए जेल
वसूली के लिए काम नहीं आया तीन ‘पत्रकारों’ का ये फंडा, भेजे गए जेल
तीनों आरोपितों ने खुद को वेबपोर्टल का पत्रकार बताया था, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों को कर लिया गिरफ्तार
पंकज शर्मा 6 years ago
खुद को पत्रकार बताकर अवैध वसूली करना तीन लोगों को भारी पड़ गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। बता दें कि हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बल्लभगढ़ के दशहरा मैदान में इन दिनों छठ मेला लगा हुआ है।
आरोप है कि रविवार को तीन लोग वहां पहुंचे और खुद को वेब पोर्टल का पत्रकार बताते हुए मेला संचालक आमिर खान पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया। इसके बाद तीनों ने विडियो वायरल करने की धमकी देते हुए मेला संचालक से रुपयों की मांग शुरू कर दी और पांच हजार रुपए ऐंठ लिए।
तीनों 20 हजार रुपए की मांग और कर रहे थे। मेला संचालक ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान जौली, मनोज और केसी माहौर के रूप में हुई है। तीनों युवकों ने खुद को वेब पोर्टल का पत्रकार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टैग्स अवैध वसूली तीन गिरफ्तार