होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / यह बदलाव लाने, नए संबंधों की खोज करने व नए विचारों को विकसित करने का समय है: अनुराग ठाकुर
यह बदलाव लाने, नए संबंधों की खोज करने व नए विचारों को विकसित करने का समय है: अनुराग ठाकुर
इंदौर में तीन दिवसीय 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन संबोधित कर रहे थे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भारत में नवाचार और निवेश करने का आग्रह भी किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि हम पासपोर्ट का रंग नहीं, बल्कि खून के रिश्ते मानते हैं। दुनिया के किसी भी देश में कोई भी भारतीय किसी भी जाति, धर्म, संप्रदाय का हो, वह भारतीय है और हमारे परिवार का हिस्सा है। अनुराग ठाकुर रविवार को मध्य प्रदेश के शहर इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
तीन दिवसीय इस सम्मेलन के औपचारिक उद्घाटन से पहले प्लेनरी सेशन-रोल ऑफ डायसपोरा यूथ इन इनोवेशंस एंड न्यू टेक्नॉलजी को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर का कहना था कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन न सिर्फ अपनी जड़ों को खोजने के बारे में है, बल्कि हर उस चीज के लिए अपनी जड़ें जमाने के बारे में भी है, जो हमें भारतीय बनाती है। उनका कहना था, ‘यह आपकी कहानी और बढ़ते भारत की कहानी के बारे में है। यह नई संभावनाओं को फिर से जोड़ने और फिर से कल्पना करने का क्षण है।’
बदलाव लाने, नए संबंधों की खोज करने और नए विचारों को विकसित करने की बात कहते हुए अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा, ‘आज, मैं व्यावहारिकता और विश्वास की भावना के साथ यह कहता हूं कि भारत और प्रवासी समुदाय दोनों के युवाओं ने दुनिया भर में प्रौद्योगिकी, बिजनेस, राजनीति, क्रिएटिविटी और इनोवेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।’
अनुराग ठाकुर का कहना था कि हमारा देश वर्ष 2022 में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। वह उस देश से आगे निकल गया, जिसने करीब 200 वर्षों तक उस पर शासन किया। भारत पिछले साल स्टार्टअप के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया। उस समय जब पूरी दुनिया महामारी से जूझ रही थी, तब भारतीय युवाओं ने स्टार्टअप शुरू करने का अवसर देखा। इसके साथ ही उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भारत में नवाचार और निवेश करने का आग्रह भी किया है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई सांसद जेनेटा मैस्करेनहास युवा प्रवासी भारतीय दिवस में सम्मानित अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इसमें हिस्सा लिया।
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन वर्ष 2019 के बाद पहली बार ऑफलाइन स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। 2021 में पिछला प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन कोविड-19 महामारी के चलते ऑनलाइन आयोजित किया गया था। सम्मेलन के 17वें संस्करण का विषय ‘प्रवासी: अमृत काल में भारत की प्रगति के लिए विश्वसनीय भागीदार’ निर्धारित किया गया है। लगभग 70 देशों में बसे 3,500 से अधिक प्रवासी भारतीयों ने इस सम्मेलन के लिए पंजीकरण कराया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को इस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली इस सम्मलेन में मुख्य अतिथि, जबकि सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशिष्ट अतिथि होंगे। मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार 2023 प्रदान करने के साथ इस सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय केंद्र सरकार अनुराग ठाकुर प्रवासी भारतीय सम्मेलन ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट