होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानिए, सूचना-प्रसारण मंत्रालय के लिए कैसा रहा ये बजट
जानिए, सूचना-प्रसारण मंत्रालय के लिए कैसा रहा ये बजट
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में आम बजट पेश किया। इसमें सूचना प्रसारण मंत्रालय के लिए भी बजट आवंटन किया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में आम बजट पेश किया। इसमें सूचना प्रसारण मंत्रालय के लिए भी बजट आवंटन किया गया है। इसके तहत केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 (fiscal 2022-23) के लिए ‘सूचना प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) को 3980.77 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
यह वित्त वर्ष 2021-22 के अनुमानित बजट 4071.23 करोड़ रुपये से कम है, जिसे बाद में संशोधित कर 3764.69 करोड़ रुपये कर दिया गया था। वित्तीय वर्ष 2020-21 (FY 2020-21) में मंत्रालय को वास्तविक बजटीय आवंटन 3380.44 करोड़ रुपये था। सूचना प्रसारण मंत्रालय के लिए ब्रॉडकास्टिंग, इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी ज्यादा खर्च वाले सेगमेंट हैं। 3980.77 करोड़ रुपये में से ब्रॉडकास्टिंग सेगमेंट के लिए 2839.29 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जो 2021-22 के बजट के अनुमानित खर्च 2921.11 करोड़ और संशोधित अनुमान 2784.22 रुपये से कम है। मंत्रालय ने वर्ष 2020-21 में मंत्रालय को 2671.43 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
ब्रॉडकास्टिंग खर्च की बात करें तो पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharati) को वर्ष 2020-21 में 2640.11 करोड़ रुपये के बजट और संशोधित अनुमान 2629.03 करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार 2555.29 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। प्रसार भारती के लिए वर्ष 2020-21 में वास्तविक आवंटन 2494.97 करोड़ रुपये था।
इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी को वित्तीय वर्ष 2021-22 में 971.26 करोड़ रुपये के बजट अनुमान और 815.13 करोड़ रुपये के संशोधित अनुमान के मुकाबले इस बार 942.04 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी सेगमेंट को 622.93 करोड़ रुपये मिले थे। इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी पर खर्च ब्यूरो ऑफ आउटरीच एंड कम्युनिकेशन, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो, पब्लिकेशंस डिवीजन, न्यू मीडिया विंग, रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया, फिल्म्स डिवीजन, डायरेक्टरेट ऑफ फिल्म फेस्टिवल्स, नेशनल फिल्म अर्काइव ऑफ इंडिया और इलेक्ट्रॉनिक मॉनीटरिंग सेंटर जैसी मीडिया इकाइयों पर किया जाता है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने वर्ष 2022-23 में ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर से 1035.02 करोड़ रुपये के राजस्व का बजट रखा है। ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर से सरकार के राजस्व में डायरेक्ट टू होम (डीटीएच) ऑपरेटर्स, वाणिज्यिक सेवाओं (टीवी), वाणिज्यिक सेवाओं (एफएम) और अन्य सेवाओं से मिलने वाला लाइसेंस शुल्क शामिल है।
2021-22 के लिए सरकार ने ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर से 1164.75 करोड़ रुपये के राजस्व का बजट रखा था, हालांकि, संशोधित राजस्व प्राप्ति 1685.02 करोड़ रुपये थी। 2020-21 में इस सेगमेंट से सरकार की कमाई 1788.52 करोड़ रुपये रही।
सरकार ने 2022-23 में इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी सेगमेंट से 33.28 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान लगाया है। चालू वित्त वर्ष (2021-22) के दौरान सरकार ने 44.55 करोड़ रुपये के राजस्व का बजट रखा था, जिसे बाद में संशोधित कर 22.38 करोड़ रुपये कर दिया गया था। इंफॉर्मेशन और पब्लिसिटी सेगमेंट की बात करें तो सरकार को रोजगार समाचार और अन्य पब्लिकेशंस, फिल्म प्रभाग निदेशालय और आउटरीच एंड कम्युनिकेशन ब्यूरो (पूर्व में डीएवीपी) से रेवेन्यू मिलता है।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय निर्मला सीतारमण एमआईबी बजट केंद्रीय बजट वित्तमंत्री आम बजट बजट 2022