होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / प्रदीप गुहा के नाम पर रखा गया Times Of India की बिल्डिंग के सामने वाली लेन का नाम
प्रदीप गुहा के नाम पर रखा गया Times Of India की बिल्डिंग के सामने वाली लेन का नाम
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की बिल्डिंग के जिस केबन में प्रदीप गुहा बैठते थे, उस कमरे की खिड़की के ठीक नीचे 'प्रदीप गुहा चौक' लिखा हुआ साइनबोर्ड लगाया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
मुंबई में प्रतिष्ठित ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की बिल्डिंग के बाहर स्थित लेन (Lane) का नाम मीडिया की जानी-मानी शख्सियत रहे प्रदीप गुहा के नाम पर ‘प्रदीप गुहा चौक’ (PRADEEPGUHA CHOWK) रखा गया है। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की बिल्डिंग के जिस केबन में प्रदीप गुहा बैठते थे, उस कमरे की खिड़की के ठीक नीचे 'प्रदीप गुहा चौक' लिखा हुआ साइनबोर्ड लगाया गया है।
बता दें कि प्रदीप गुहा का पिछले साल अगस्त में निधन हो गया था, वह लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। प्रदीप गुहा लंबे समय तक ‘टाइम्स ग्रुप’ के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे और ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड’ (BCCL) को आगे बढ़ाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही थी। ‘जी एंटरटेनमेंट’ (Zee Entertinment) के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) बनने से पहले गुहा इस अखबार के ब्रैंड और एडवर्टाइजिंग प्रमुख थे।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया‘ में अपने करियर के दौरान वह तमाम इंडस्ट्री निकायों से भी जुड़े रहे थे। वह ‘इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी’ के प्रेजिडेंट, ’नेशनल रीडरशिप स्टडीज काउंसिल’ के चेयरमैन, ’एडवर्टाइजिंग क्लब बॉम्बे’ के प्रेजिडेंट, ’एशियन फेडरेशन ऑफ एडवर्टाइजिंग एसोसिएशंस’ के चेयरमैन और बाद में ’ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ के पहले चेयरमैन भी रहे थे।
‘कैनको एडवर्टाइजिंग’ (Canco Advertising) के फाउंडर रमेश नारायण ने मुंबई में ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ बिल्डिंग के बाहर गली का नाम प्रदीप गुहा के नाम पर रखने के बारे में सोशल मीडिया पर दिल को छू लेने वाली एक पोस्ट शेयर की है। ‘एशियन फेडरेशन ऑफ एडवर्टाइजिंग एसोसिएशन’ (AFAA) की एग्जिक्यूटिव कमेटी के मेंबर नारायण ने इस पहल के लिए ‘टाइम्स नेटवर्क‘ के एमडी और सीईओ एमके आनंद को धन्यवाद दिया है। 'प्रदीप गुहा चौक' वाले साइनबोर्ड की एक तस्वीर साझा करते हुए नारायण ने लिखा, ‘मेरा दोस्त ऊपर से मुस्कुरा रहा होगा।‘
टैग्स टाइम्स ऑफ इंडिया श्रद्धांजलि प्रदीप गुहा टीओआई रमेश नारायण प्रदीप गुहा चौक कैनको एडवर्टाइजिंग