होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / देश में रेडियो स्टेशनों की पहुंच को विस्तार देगी सरकार, उठा रही ये कदम
देश में रेडियो स्टेशनों की पहुंच को विस्तार देगी सरकार, उठा रही ये कदम
दो दिवसीय क्षेत्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन (उत्तर) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों के विस्तार के रोडमैप के बारे में भी बताया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि सरकार रेडियो की पहुंच को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत 284 शहरों में 808 रेडियो चैनल्स की ई-नीलामी की जाएगी।
रविवार को नई दिल्ली स्थित 'भारतीय जनसंचार संस्थान' (IIMC) में दो दिवसीय क्षेत्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन (उत्तर) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने देश में कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों के विस्तार के रोडमैप के बारे में भी बताया।
उन्होंने बताया कि सरकार किस तरह देश में कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों के लिए बेहतर भविष्य बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। देश भर में 450 कम्युनिटी रेडियो स्टेशन सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और पिछले दो वर्षों में 120 स्टेशन जोड़े गए हैं।
अनुराग ठाकुर का कहना था, ‘सरकार ने कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों की स्थापना में लगने वाले समय को कम करने के लिए गंभीर प्रयास किए हैं। पहले जहां रेडियो स्टेशनों का लाइसेंस प्राप्त करने में करीब चार साल का समय लग जाता था और प्रक्रिया काफी जटिल थी। इस प्रक्रिया को आसान किया गया है और अब छह महीने में लाइसेंस प्राप्त किया जा सकता है। मंत्रालय इस समय को और कम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। आवेदन प्रक्रिया अब ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन कर दी गई है और सरल संचार पोर्टल से जुड़ी है।’
देश में रेडियो की पहुंच को बढ़ाने के बारे में अनुराग ठाकुर का यह भी कहना था, ‘आज देश का करीब 80 क्षेत्र और 90 प्रतिशत से अधिक आबादी तक रेडियो की पहुंच है। सरकार इस पहुंच को और अधिक विस्तारित करने के लिए काम कर रही है और ई-नीलामी के तीसरे बैच के तहत 284 शहरों में 808 चैनलों की नीलामी उस दिशा में एक बड़ा कदम है।’
दो दिवसीय रीजनल कम्युनिटी रेडियो सम्मेलन (उत्तर) के उद्घाटन सत्र के दौरान अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय सामुदायिक रेडियो पुरस्कार भी प्रदान किए।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एमआईबी अनुराग ठाकुर कम्युनिटी रेडियो सम्मेलन