होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / एडिटर्स गिल्ड ने पत्रकारों के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने पर जताई आपत्ति, उठाए सवाल
एडिटर्स गिल्ड ने पत्रकारों के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने पर जताई आपत्ति, उठाए सवाल
गिल्ड ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह पत्रकारों के उपकरणों की जब्ती और तलाशी को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश बनाए, ताकि प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
देश में संपादकों की शीर्ष संस्थ ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ (EGI) ने चेन्नई पुलिस द्वारा कई पत्रकारों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने की कार्रवाई पर गहरी चिंता व्यक्त की है। गिल्ड ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता के अधिकारों का उल्लंघन बताया है और तत्काल इन उपकरणों को लौटाने की मांग की है।
एडिटर्स गिल्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पत्रकारों ने एक छात्रा से जुड़े यौन शोषण के मामले की जांच के दौरान एक सरकारी वेबसाइट से एफआईआर डाउनलोड की थी, जो कि उनके पेशेवर कार्य का हिस्सा था। हालांकि, गिल्ड इस सिद्धांत को मानता है कि मीडिया पीड़िता की पहचान उजागर नहीं कर सकता, लेकिन पत्रकारों के खिलाफ अपनाए गए जांच के तरीकों पर उसने सवाल उठाए हैं।
गिल्ड ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि पत्रकारों को वॉट्सऐप के जरिए समन भेजा गया, जिसे सुप्रीम कोर्ट पहले ही अवैध ठहरा चुका है। साथ ही, पत्रकारों ने पूछताछ के दौरान अनावश्यक रूप से दबाव बनाए जाने की भी शिकायत की है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन? एडिटर्स गिल्ड ने याद दिलाया कि 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने फ़ाउंडेशन फॉर मीडिया प्रोफेशनल्स (FMP) द्वारा दायर एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि पत्रकारों के डिजिटल उपकरणों की जब्ती और जांच से संबंधित स्पष्ट दिशानिर्देश बनाए जाएं। कोर्ट ने यह आदेश इसलिए दिया था क्योंकि इस तरह की पुलिस कार्रवाई से पत्रकारों के संवेदनशील डेटा और गोपनीयता पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
न्यूजक्लिक मामले का भी किया जिक्र: गिल्ड ने 2023 में दिल्ली पुलिस द्वारा न्यूजक्लिक मामले में कई पत्रकारों के उपकरण जब्त करने का भी उल्लेख किया और चिंता जताई कि अब तक उन्हें उनके डिवाइस वापस नहीं किए गए हैं। गिल्ड ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह जल्द से जल्द पत्रकारों के उपकरणों की जब्ती और तलाशी को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश बनाए, ताकि प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
EGI Statement on seizure of mobile phones of journalists by Chennai police pic.twitter.com/1nFHL9MsWc
— Editors Guild of India (@IndEditorsGuild) January 31, 2025
टैग्स