होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / टीवी-फिल्म कंटेंट में निवेश को लेकर सन टीवी नेटवर्क ने लिया ये निर्णय
टीवी-फिल्म कंटेंट में निवेश को लेकर सन टीवी नेटवर्क ने लिया ये निर्णय
वित्तीय वर्ष 2021 की चौथी तिमाही की अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल (earnings conference call) के दौरान कंपनी प्रबंधन ने कई अहम योजनाओं के बारे में बताया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सन टीवी नेटवर्क’ (Sun TV) के प्रबंधन ने घोषणा की है कि कंपनी वित्तीय वर्ष 2022 (FY22) में और इसके बाद टीवी कंटेंट व फिल्म कंटेंट में बड़ा निवेश करेगी। इस दौरान वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में ओटीटी कंटेंट में निवेश को कम करना जारी रखेगी। इसके साथ ही कंपनी ने सैटेलाइट अधिकारों के अधिग्रहण के लिए 200-250 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है।
वित्तीय वर्ष 2021 की चौथी तिमाही की अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल (earnings conference call) के दौरान कंपनी प्रबंधन ने कहा, 'तेलुगु और मलयालम मार्केट में वित्तीय वर्ष के दौरान अंतर्राष्ट्रीय फॉर्मेट पर आधारित पांच-छह बड़े बजट के नॉन फिक्शन शो (non-fiction shows) लॉन्च किए जाएंगे। 30-40 एपिसोड वाले ये शो 3-4 महीने तक चलेंगे और प्रति शो की लागत करीब 25-30 करोड़ रुपये आएगी।' बता दें कि कंपनियों के लिए अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल उसके सभी निवेशकों सहित विश्लेषकों को जानकारी देने का एक तरीका है।
‘सन टीवी नेटवर्क’ के एमडी महेश कुमार का कहना है, ‘हम कुछ अंतर्राष्ट्रीय फॉर्मेट के गैर-फिक्शन शो की ओर देख रहे हैं। मुझे लगता है कि यदि आप वास्तव में गुणवत्ता बढ़ाना चाहते हैं और बेहतरीन प्रॉडक्ट देना चाहते हैं तो लागत में 30-40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मुझे लगता है कि तीन-चार महीने में मार्केट में यह निवेश आ जाएगा।’ प्रबंधन ने यह भी कहा कि 1200 करोड़ रुपये के निवेश से अगले दो वर्षों में आठ फिल्मों की योजना बनाई गई है।
वहीं, ‘सन टीवी नेटवर्क’ के ग्रुप सीएफओ एसएल नारायणन का कहना है कि मूवी कंटेंट में निवेश और बढ़ाया जाएगा। ‘सन टीवी नेटवर्क’ के सीएफओ वीसी उन्नीकृष्णन का कहना है कि चार फिल्में निर्माणाधीन हैं। उनकी शूटिंग शुरू हो चुकी है और कई चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि एक फिल्म लगभग पूरी होने वाली है। कुछ फिल्मों की शूटिंग 30 से 40 फीसदी तक पूरी हो चुकी है। चौथी फिल्म की शूटिंग अभी शुरू हुई है। आठ में से दो फिल्में बड़े बजट की हैं और उनमें दक्षिण भारत के मेगा स्टार्स लीड रोल में हैं।
टैग्स टेलिविजन सन टीवी नेटवर्क सन टीवी तमिल मार्केट ओटीटी सर्विसेज निवेश इन्वेस्टमेंट तेलुगु