होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नोएडा में न्यूज चैनल में स्ट्राइक, ठप्प हुआ कामकाज
नोएडा में न्यूज चैनल में स्ट्राइक, ठप्प हुआ कामकाज
संपादकीय विभाग समेत कई डिपार्टमेंट्स के एम्पलॉइज इस स्ट्राइक में शामिल हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
नोएडा से संचालित हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज वर्ल्ड इंडिया’ से मिल रही खबर के मुताबिक यहां कार्यरत मीडियाकर्मियों ने स्ट्राइक कर दी है। संपादकीय विभाग समेत कई डिपार्टमेंट्स के एम्पलॉइज इस स्ट्राइक में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बीते दो महीने से सैलरी नहीं आने के चलते अब एम्पलॉइज का सब्र जवाब दे गया है और थक-हारकर अब एम्पलॉइज ने हड़ताल जैसा कदम उठाया है।
वैसे तो पिछले दो दिनों से एम्पलॉइज में मैनेजमेंट के खिलाफ काफी आक्रोश है, फिर भी सीनियर्स के समझाने पर कुछ एम्पलॉइज चैनल को संचालित करने में मदद कर रहे थे। अब मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को चैनल पर सिर्फ रिकॉर्डेड प्रोग्राम्स ही चल रहे हैं।
चैनल के सीईओ रोहित सक्सेना के खिलाफ भी एम्पलॉइज में काफी गुस्सा है। उधर, एडिटोरियल की कमान संभाल रहे रमन पांडे के खाते में भी विफलता का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। स्ट्राइक कर रहे एम्पलॉइज का कहना है कि पैसे की तंगी के चलते चैनल में एसी भी नहीं चल रहे हैं। ऐसे में इस भीषण गर्मी में परेशान एम्पलॉइज के पास हड़ताल के अलावा कोई चारा नहीं रह गया है।
एम्पलॉइज का यह भी कहना है कि हर बार मैनेजमेंट के झूठे आश्वासनों से परेशान आकर अब उन्होंने तय कर लिया है कि इस बार चैनल का काम पूरी तरह से ठप्प रहेगा। एम्पलॉइज का कहना है, 'जब तक सैलरी हमारे अकाउंट में नहीं आ जाती, हम किसी भी अधिकारी के आश्वासन पर विश्वास नहीं कर सकते। दो महीने से सैलरी न आने के कारण कई एम्पलॉइज के लिए तो अब जीवन काटना ही दूभर हो गया है। किसी के दूधवाले ने दूध बंद कर दिया है तो कई बड़ी मुश्किल से जैसे-तैसे कहीं से जुगाड़ कर बच्चों की स्कूल फीस भर पाए हैं।'
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स न्यूज चैनल न्यूज वर्ल्ड इंडिया स्ट्राइक काम बंद