होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / SONY से जुड़े सौगाता मुखर्जी, निभाएंगे बड़ी भूमिका
SONY से जुड़े सौगाता मुखर्जी, निभाएंगे बड़ी भूमिका
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ में नियुक्ति से पहले सौगाता मुखर्जी ‘हॉट स्टार’ में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (Sony Pictures Networks India) से एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर ये है कि ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ ने सौगाता मुखर्जी (Saugata Mukherjee) को अपने यहां नियुक्त किया है। उन्हें डिजिटल बिजनेस का हेड (ऑरिजिनल कंटेंट) बनाया गया है। अपनी नई भूमिका में मुखर्जी ‘सोनी लिव’ के लिए हिंदी ऑरिजिनल कंटेंट की तमाम पहलों (initiatives) का नेतृत्व करेंगे और इस प्लेटफॉर्म की मौजूदगी को विस्तार देंगे। इससे पहले मुखर्जी ‘हॉटस्टार’ (Hotstar) से जुड़े हुए थे। यहां वह हेड ऑफ डेवलपमेंट और क्रिएटिव के साथ-साथ ‘हॉटस्टार स्पेशल्स’ (Hotstar Specials) के एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अपने 15 साल से ज्यादा के करियर में मुखर्जी विभिन्न संस्थानों में प्रमुख पदों पर काम कर चुके हैं। मुखर्जी ‘स्टार टीवी’ से वर्ष 2013 से बतौर वाइस प्रेजिडेंट (Head of Commissioning) जुड़े हुए थे। वहां उन्होंने नेटवर्क के नए शोज को लेकर बहुत काम किया। बाद में उन्हें एडिटर (कंटेंट स्टूडियो) के पद पर प्रमोट कर दिया गया था। वर्ष 2018 में वह ‘हॉटस्टार’ में आ गए थे, जहां उन्हें कंटेंट स्ट्रैटेजी और प्रॉडक्शन की कमान सौंपी गई थी।
मुखर्जी को पब्लिशिंग का भी अनुभव है। करियर के शुरुआती दौर में ‘मैकमिलन इंडिया’ (Macmillan India) कंपनी के अलावा वह ‘HarperCollins’, ‘NIIT’, ‘A. M. Health Company’ और ‘Rupa & Company’ में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इस नियुक्ति के बारे में सौगाता मुखर्जी का कहना है, ‘देश में ओवर द टॉप (OTT) के लिए मुख्य आधार ऑरिजिनल कंटेंट है। मैं अपनी नई भूमिका में इस दिशा में किए जा रहे कामों को और मजबूती दूंगा।’
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ऑरिजिनल कंटेंट सोनी लिव सौगाता मुखर्जी हिंदी कंटेंट