होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया संगठनों ने उठाया संसद में पत्रकारों के प्रवेश से जुड़ा यह मामला, जताया विरोध
मीडिया संगठनों ने उठाया संसद में पत्रकारों के प्रवेश से जुड़ा यह मामला, जताया विरोध
‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ के बैनर तले तमाम प्रमुख मीडिया संगठनों ने संसद की कार्यवाही को कवर करने के लिए मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों को सामान्य प्रवेश से वंचित करने का विरोध किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ (Press Club of India) के बैनर तले तमाम प्रमुख मीडिया संगठनों ने संसद की कार्यवाही को कवर करने के लिए मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों को सामान्य प्रवेश से वंचित करने का विरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में तमाम मीडिया संगठनों ने 13 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को एक पत्र भी लिखा है। इस पत्र में इन मीडिया संगठनों ने चिंता जताई है कि यह संसद और सांसदों को मीडिया जांच से अलग करने का एक पैटर्न प्रतीत होता है।
लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखने वाले मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों में एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया, प्रेस एसोसिएशन, दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट और वर्किंग न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के वकील संजय हेगड़े द्वारा भी हस्ताक्षरित पत्र में लोकसभा के कामकाज को कवर करने में प्रेस के सदस्यों के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को रिकॉर्ड में लाने की भी मांग की गई है। मीडिया संगठनों ने लिखा है कि नागरिकों को एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भऱ प्रेस द्वारा सूचित किया जाता है। यदि प्रेस के सदस्यों को संसद में सामान्य पहुंच से वंचित कर दिया जाता है तो वे अपने पाठकों/दर्शकों को सूचित करने का अपना कर्तव्य शायद ही निभा सकें।’
मीडिया रिपोर्ट्स में इस पत्र के हवाले से कहा गया है कि संसद देश में राजनीतिक गतिविधि का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में पत्रकारों को प्रेस गैलरी और सेंट्रल हॉल में प्रवेश की अनुमति दी जानी चाहिए। यह शुरू से ही परंपरा रही है।
मीडिया संगठनों का कहना है कि कोविड प्रतिबंधों का पालन करने के नाम पर इस परंपरा को बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया गया है महामारी ने उन लोगों पर तमाम बाधाएं लगाई हैं जो संसदीय कार्यवाही और समितियों के काम तक पहुंच सकते हैं। इस पत्र में स्पीकर से 19 जुलाई 2021 को मानसून सत्र शुरू होने से पहले लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए लोकसभा की प्रेस सलाहकार समिति की बैठक आयोजित करने का आग्रह किया गया है। उनका कहना है कि इस बैठक को कोविड-19 के संदर्भ में प्रेस गैलरी और सेंट्रल हॉल में मीडिया की पहुंच को सुव्यवस्थित करने की प्रक्रिया से सक्रिय रूप से जोड़ा जाना चाहिए।
मीडिया संस्थानों का कहना है कि मार्च 2020 में कोविड 19 के मामलों में वृद्धि के बाद से मीडिया को संसद में कार्यवाही कवर करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। हालांकि मामले अब कम हो गए हैं, इसके बावजूद मीडिया की सामान्य पहुंच अभी बहाल नहीं हुई है। इनका कहना है कि पत्रकार अब दैनिक पास के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन पास प्राप्त करने का मानदंड स्पष्ट नहीं है। सेंट्रल हॉल में जहां सांसद एक-दूसरे के साथ और वरिष्ठ पत्रकारों के साथ बातचीत करते थे, वहां इस पर रोक लगी हुई है।
After a 2-day deliberation with press bodies like the @IndEditorsGuild, Press Association, Delhi Union of Journalists & Working News Cameramen’s Association, the Press Club of India has written to honourable @loksabhaspeaker Om Birla urging him to restore full access to media pic.twitter.com/kP9M1kmj7W
— Press Club of India (@PCITweets) July 14, 2021
टैग्स मीडिया संगठन विरोध संसद की कवरेज संसद में प्रवेश