होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया में दीपक चौरसिया के 30 साल के सफर की कहानी, जानें इन वीडियो की जुबानी
मीडिया में दीपक चौरसिया के 30 साल के सफर की कहानी, जानें इन वीडियो की जुबानी
दीपक चौरसिया हिंदी न्यूज चैनल 'जी न्यूज' (Zee News) में बतौर कंसल्टिंग एडिटर ‘ताल ठोक के’ और ‘कसम संविधान की’ शो होस्ट कर रहे हैं और दर्शकों तक तमाम बड़ी खबरें पहुंचा रहे हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर दीपक चौरसिया ने पत्रकारिता में अपने तीन दशक पूरे कर लिए हैं। बता दें कि दीपक चौरसिया ने वर्ष 1993 में लोकस्वामी अखबार से मीडिया में अपने करियर का आगाज किया था। पत्रकारिता में अपने अब तक के सफर में दीपक चौरसिया ने देश और दुनिया की तमाम अच्छी और बुरी घटनाओं को टीवी के जरिये दर्शकों तक पहुंचाया है।
वर्तमान में दीपक चौरसिया हिंदी न्यूज चैनल 'जी न्यूज' (Zee News) में बतौर कंसल्टिंग एडिटर ‘ताल ठोक के’ और ‘कसम संविधान की’ शो होस्ट कर रहे हैं और दर्शकों तक तमाम बड़ी खबरें पहुंचा रहे हैं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में दीपक चौरसिया ने बताया कि पत्रकारिता में अपने लंबे सफर के दौरान उन्होंने अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई खास इंटरव्यू किए हैं। उस दौरान मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। इसके अलावा इंटरव्यू वाली इस लिस्ट में पीवी. नरसिम्हा राव, एच.डी देवगौड़ा और आई.के. गुजराल जैसी तमाम राजनीतिक शख्सियतें भी शामिल हैं। वहीं उन्होंने देश का हर प्रमुख चुनाव भी कवर किया है।
आपको बता दें कि जब दीपक चौरसिया ने मोदी का वर्ष 2002 में इंटरव्यू किया था, उसी समय उन्होंने राजनीति की हवा भांपते हुए मोदी से उनकी प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर सवाल किया था। इसके बाद वर्ष 2008 में मोदी का एक इंटरव्यू लेते समय भी उन्होंने इस मामले पर बात की थी। इसके अलावा वर्ष 2012 में एक इंटरव्यू में उन्होंने मोदी से साफ-साफ पूछ लिया था कि वह उन्हें पीएम के रूप में देखना चाहते हैं, क्या आप मुझे शुभकामनाएं देंगे। उस इंटरव्यू में दीपक चौरसिया ने यह भी कहा था कि एक मतदाता के रूप में यह मेरी राय है। इसके अलावा 2014 और 2019 में भी उन्होंने मोदी का इंटरव्यू किया था, जिसमें मोदी ने तमाम मुद्दों पर बेबाकी से जवाब दिए थे।
आज एक पत्रकार के तौर पर काम करते हुए 30 साल पूरे हो गये॥ इसी दिन 1993 को मैंने लोकस्वामी अख़बार में काम शुरू किया था॥ राजनीति की नब्ज समझना मेरा जुनून रहा है॥#DeepakChaurasiaKe30Saal pic.twitter.com/r8KhUIysj8
— Deepak Chaurasia (@DChaurasia2312) April 2, 2023
यही नहीं, वर्ष 2000 में दीपक चौरसिया ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का इंटरव्यू किया था और पाकिस्तान व नेपाल से भारत के संबंधों पर कई अहम सवाल किए थे। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी के इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने सलाखों से सत्ता तक के सफर समेत कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब तलाशे थे। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेसी नेता राहुल गांधी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज राजनेताओं की ऐसी लंबी फेहरिस्त है, जिनके साथ दीपक चौरसिया ने न सिर्फ इंटरव्यू किए हैं, बल्कि जनता से जुड़े तमाम अहम मुद्दों को उनके सामने जोरदार तरीके से उठाया है।
अपने 30 साल के करियर में सभी PM के इंटरव्यू किए...सिलसिला पी. वी. नरसिम्हा राव से शुरू हुआ HD देवगौड़ा से होते हुए आई.के. गुजराल साहब से आज तक... इस बीच हर चुनाव भी कवर किया और ढेरों इंटरव्यू किए... कुछ इंटरव्यू मेरे पास हैं और कुछ नहीं हैं.. जो हैं उनकी एक झलक देखिए... pic.twitter.com/K5TuB1g0nB
— Deepak Chaurasia (@DChaurasia2312) April 8, 2023
इसके अलावा दीपक चौरसिया ने वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले की ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है। वहीं, पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ जब भारत आए थे और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मुलाकात की थी, तब इस हाईप्रोफाइल मीटिंग की कवरेज भी वह कर चुके हैं। दीपक चौरसिया के खाते में सिर्फ यही बड़ी उपलब्धियां नहीं हैं। अमेरिका में हुए 9/11 हमले के दौरान और ईराक में हुए युद्ध के दौरान भी वह ग्राउंड रिपोर्टिंग कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं।
चाहे भारतीय अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की मौत का मामला हो अथवा मुंबई में हुआ 26/11 का आतंकी हमला, उन्होंने अपनी कवरेज से दर्शकों को इन सभी घटनाओं से अवगत कराया है। दिल्ली में हुए अन्ना हजारे के आंदोलन और अयोध्या में रामलाल के मंदिर निर्माण से जुड़ी खबरों को लेकर भी उन्होंने दमदार रिपोर्टिंग के जरिये अपनी काबिलियत से दर्शकों को रूबरू कराया है। ये तो सिर्फ महज कुछ उदाहरण हैं, इनके अलावा भी देश-विदेश की तमाम अहम घटनाओं पर दीपक चौरसिया की कवरेज काफी शानदार और सराहनीय रही है, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया है।
पत्रकारिता मेरा जुनून है और रिपोर्टिंग मेरी ताक़त। पिछले 3 दशक से मैंने देश और दुनिया की हर अच्छी और बुरी घटनाओं को टीवी के ज़रिए आपके घर तक पहुँचाया और ये सिलसिला यूं ही जारी रहेगा... #DeepakChaurasiaKe30Saal pic.twitter.com/JmvGCWrhJ9
— Deepak Chaurasia (@DChaurasia2312) April 3, 2023
ऐसा नहीं है कि दीपक चौरसिया ने सिर्फ राजनीतिक खबरों को ही कवर किया है, वह अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, सनी देओल, शाहरुख खान समेत फिल्मी जगत के तमाम सितारों संग एक्सक्लूसिव इंटरव्यू कर चुके हैं।
अपने पूरे कैरियर के दौरान मैंने राजनेता के इंटरव्यू किए तो अभिनेता और अभिनेत्रियों के भी इंटरव्यू किए, कहते हैं ना सिनेमा समाज का आईना होता है लेकिन जहां-जहां ज़रूरत हुई मैंने भी सिनेमा से जुड़े लोगों को अपने सवालों से आईना दिखाया॥ #DeepakChaurasiaWithStars pic.twitter.com/EMBaxbjX93
— Deepak Chaurasia (@DChaurasia2312) April 23, 2023
गौरतलब है कि दीपक चौरसिया इससे पहले 'न्यूज नेशन' में कंसल्टिंग एडिटर के पद पर कार्यरत थे और वह पूर्व में 'दूरदर्शन', 'आजतक', 'इंडिया न्यूज' जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं। आपको यह भी बता दें कि दीपक चौरसिया हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ की फाउंडिंग टीम के मेंबर भी रहे हैं और जब शुरुआती दौर में ‘डीडी मेट्रो’ पर इसका बीस मिनट का बुलेटिन आता था, उसमें भी दीपक चौरसिया की अहम भूमिका थी। इसके अलावा जब इस चैनल का 24 घंटे प्रसारण शुरू हुआ, तब भी वह काफी समय तक इससे जुड़े रहे।
समाचार4मीडिया की ओर से दीपक चौरसिया को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स जी न्यूज पत्रकार पत्रकारिता दीपक चौरसिया कंसल्टिंग एडिटर