होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘PTI’ की संपादकीय टीम में शीर्ष स्तर पर तमाम फेरबदल, कई पत्रकारों का हुआ प्रमोशन
‘PTI’ की संपादकीय टीम में शीर्ष स्तर पर तमाम फेरबदल, कई पत्रकारों का हुआ प्रमोशन
इस बारे में जारी इंटरनल मेल के अनुसार, इन बदलावों के तहत चार डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर्स के नेतृत्व में नई व्यवस्था बनाई गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
देश की जानी-मानी न्यूज ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ (PTI) की संपादकीय टीम में बड़े स्तर पर कई फेरबदल किए गए हैं। ‘पीटीआई’ के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ विजय जोशी ने एक आंतरिक मेल के जरिये इन बदलावों के बारे में घोषणा की है। इन बदलावों के तहत चार डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर्स के नेतृत्व में नई व्यवस्था बनाई गई है। इसके साथ ही कुछ प्रमोशंस भी किए गए हैं और पीटीआई के विभिन्न वर्टिकल्स व बीट्स में तमाम पत्रकारों की जिम्मेदारियों को अच्छे से स्पष्ट किया गया है। बताया जाता है कि इन बदलावों का उद्देश्य सबस्क्राइबर्स की बढ़ती एडिटोरियल डिमांड्स को ध्यान में रखते हुए रिपोर्टिंग और जवाबदेही को बेहतर तरीके से परिभाषित करना है।
नेशनल ब्यूरो
इन बदलावों के तहत, नेशनल ब्यूरो में डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर बरुण झा के नेतृत्व में नए टीम लीडर्स की नियुक्ति की गई है।
1: मानस प्रतिम भुइयां को एडिटर (फॉरेन एंड स्ट्रैटेजिक अफेयर्स) के पद पर प्रमोट किया गया है। अपनी इस भूमिका में वह विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, दूतावासों/उच्चायोगों, सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के कार्यालय और अन्य संबंधित स्ट्रैटेजिक अथवा रक्षा मामलों को कवर करने के लिए जिम्मेदार होंगे। विदेशों से संबंधित न्यूज आने पर डोमेन में उचित कवरेज सुनिश्चित करने के लिए वह सीनियर इंटरनेशनल एडिटर अनिल जोसेफ के साथ मिलकर काम करेंगे।
2: कुणाल दत्त को स्पेशल करेसॉन्डेंट के रूप में पदोन्नत किया गया है और उन्हें एनसीआर ब्यूरो से राष्ट्रीय ब्यूरो में स्थानांतरित किया गया है। वह उपरोक्त बीट्स की कवरेज में मानस की सहायता करेंगे। पीटीआई वीडियो सर्विस के ऋषिकेश कुमार (स्पेशल करेसपॉन्डेंट) भी मानस और कुणाल के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कवरेज में दोहराव न हो। ऋषिकेश अपने फॉर्मेट की प्राथमिक जरूरतों को पूरा करने के बाद जब भी आवश्यक होगा, टेस्ट स्टोरीज करेंगे। इसी तरह कुणाल और मानस जब भी संभव होगा, वीडियो में अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे। बीट की सभी स्टोरीज के लिए सबसे पहले संपर्क बिंदु (Contact Point) मानस होंगे। असाइनमेंट का आवंटन ऋषिकेश के समन्वय से किया जाएगा।
3: संजीव कुमार को एडिटर (लीगल अफेयर्स) के पद पर प्रमोट किया गया है। नई व्यवस्था के तहत वह अपनी लीगल टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।
4: संजीव चोपड़ा को एडिटर (पॉलिटिकल एंड कैबिनेट अफेयर्स) के पद पर प्रमोट किया गया है। अपनी इस भूमिका में वह कांग्रेस पार्टी, टीएमसी और इंडिया गठबंधन से जुड़े दलों के साथ-साथ, राज्यसभा और केंद्रीय मंत्रिमंडल के अति महत्वपूर्ण सेगमेंट की कवरेज के लिए जिम्मेदार होंगे।
5: कुमार राकेश को एडिटर (पॉलिटिकल और गवर्नमेंट अफेयर्स) के पद पर प्रमोट किया गया है। अपनी इस भूमिका में वह प्रधानमंत्री कार्यालय, भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों, लोकसभा और सूचना-प्रसारण, रेलवे, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला और बाल विकास मंत्रालयों की कवरेज के लिए जिम्मेदार होंगे।
6: बंटी त्यागी को स्टेट ब्यूरो चीफ के पद पर प्रमोट किया गया है। शहरी विकास विभाग की अपनी बीट के अलावा वह दिल्ली सरकार, आप और अन्य राजनीतिक दलों, नागरिक निकायों, दिल्ली पुलिस और एनसीआर से संबंधित सभी मुद्दों की कवरेज भी देखेंगे। अपनी इन जिम्मेदारियों के अलावा, टीम लीडर अपने सहयोगियों को सलाह देंगे और उन्हें आगे के लिए तैयार करेंगे।
बिजनेस, इकनॉमिक और कॉरपोरेट अफेयर्स ब्यूरो
नई व्यवस्था के तहत डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर अम्मार जैदी के नेतृत्व में तीन नई टीमें गठित की गई हैं।
मौमिता बख्शी को एसोसिएट एडिटर के रूप में प्रमोट किया गया है और वह रोजाना की इकनॉमिक और बिजनेस कवरेज में अम्मार की सहायता करेंगी। वह कैलेंडर तैयार करने, स्टोरीज को लेकर को-ऑर्डिनेट करने और टीम के तीन नए प्रमुखों की मदद से कवरेज बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होंगी। मौमिता टेलीकॉम सेक्टर से संबंधित अपनी बीट्स की कवरेज की एंकरिंग करना जारी रखेंगी। वह वीडियो और टेक्स्ट के बीच को-ऑर्डिनेट भी करेंगी, जिसमें उन्हें महारत है।
तीन नई टीमें इस प्रकार होंगी
1: कॉर्पोरेट टीम का नेतृत्व एसोसिएट एडिटर राजकुमार लीशेम्बा करेंगे। यह टीम टीम निम्नलिखित क्षेत्रों सहित भारत इंक की कवरेज का नेतृत्व करेगी: (a) ऑटोमोबाइल, (b) फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (एफएमसीजी), (c) कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, (d) हॉस्पिटैलिटी, (e) फार्मा, (F) ई-कॉमर्स, (g) फिनटेक, (h) आईटी/स्टार्ट-अप सेक्टर, (i) मंत्रालयों के पत्रकारों के अधीन आने वाली कंपनियों को छोड़कर सभी कंपनियां।
2: इकनॉमिक एंड गवर्नमेंट टीम का नेतृत्व असिस्टेंट एडिटर कुमार दीपांकर करेंगे। यह टीम मुख्य रूप से मैक्रो डेटा और मौद्रिक नीति सहित सरकारी नीतियों और अर्थव्यवस्था को कवर करेगी। इस टीम के अंतर्गत मंत्रालय और अन्य विभाग होंगे: (a) वित्त मंत्रालय (b) वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय और संबद्ध विभाग, (c) नीति आयोग, (d) भारतीय रिजर्व बैंक, (e) एनबीएफसी आदि सहित बैंकिंग और बीमा, (f) फिनटेक नियामक, (g) नियंत्रक और महालेखा परीक्षक।
3: इंफ्रॉस्ट्रक्चर एंड कमोडिटीज टीम का नेतृत्व सीनियर असिस्टेंट एडिटर मानवेंद्र झा करेंगे। यह टीम मुख्य रूप से कृषि और कमोडिटी बीट्स के साथ-साथ इंफ्रॉस्ट्रक्चर सेक्टर्स को भी कवर करेगी। इस टीम के अंतर्गत ये मंत्रालय और विभाग होंगे (a) कृषि और संबद्ध मंत्रालय, (b) बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, (c) कोयला और खान मंत्रालय (d) इस्पात, (e) रियल एस्टेट, (f) सड़क परिवहन और राजमार्ग व सभी संबंधित सेक्टर्स।
एसोसिएट एडिटर मनोज राममोहन को बिजनेस ब्यूरो में भेजा गया है। नई जिम्मेदारी के तहत वह वर्तमान में उनके द्वारा कवर किए गए अन्य मंत्रालयों के साथ-साथ नागरिक उड्डयन बीट के इंचार्ज होंगे। मुंबई ब्यूरो के शाह इमरान अहमद द्वारा उनकी मदद करेंगे और उनके काम को देखने का जिम्मा अम्मार का होगा।
नई व्यवस्था के तहत चंद्र शेखर बिजनेस डेस्क के प्रभारी होंगे। अपने विशाल अनुभव के साथ, वह अम्मार की देखरेख में फाइनेंस टीम के काम की देखरेख से आगे बढ़कर, दिन की बड़ी स्टोरीज लिखने में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।
स्पेशल इंवेस्टिगेटिंग टीम (SIT) ब्यूरो
अचिंता बोरा को एडिटर (नेशनल सिक्योरिटी अफेयर्स) के रूप में प्रमोट किया गया है। अपनी इस भूमिका में वह गृह मंत्रालय, ईडी, सीबीआई जैसी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ-साथ आयकर विभाग, सीआईसी, प्रेजिडेंट और कैबिनेट सचिवालय की कवरेज में शामिल टीम का नेतृत्व करेंगे। डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर सुमीर कौल इस टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
वेस्टर्न रीजन
नई व्यवस्था के तहत विलास टोकले को एडिटर (वेस्टर्न रीजन) के पद पर प्रमोट किया गया है। वहीं, मनीषा रेगे को असिस्टेंट एडिटर के रूप में प्रमोट किया गया है।
टैग्स पीटीआई प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया न्यूज एजेंसी विजय जोशी