होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कैंसर से जूझ रहे वरिष्ठ पत्रकार विजय राय का हार्ट अटैक से निधन
कैंसर से जूझ रहे वरिष्ठ पत्रकार विजय राय का हार्ट अटैक से निधन
वरिष्ठ पत्रकार और राष्ट्रीय सहारा समूह के सलाहकार संपादक विजय राय का शनिवार तड़के निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
वरिष्ठ पत्रकार और राष्ट्रीय सहारा समूह के सलाहकार संपादक विजय राय का शनिवार तड़के निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि कीमोथेरेपी के चलते उनका शरीर बेहद कमजोर हो गया था। रविवार यानी आज सुबह करीब साढ़े चार बजे नोएडा स्थित अपने आवास पर उन्होंने हार्ट अटैक के कारण अंतिम सांस ली।
विजय राय मीडिया जगत की एक चर्चित और सम्मानित शख्सियत थे। वे राष्ट्रीय सहारा अखबार के समूह संपादक के तौर पर लंबे समय तक जुड़े रहे। लेकिन सहारा न्यूज नेटवर्क के मैनेजमेंट ने उनके व्यापक अनुभव के मद्देनजर उनको अखबार के साथ-साथ टेलिविजन की भी जिम्मेदारी देते हुए पूरे न्यूज नेटवर्क के संपादकीय सलाहकार की जिम्मेदारी सौंप दी थी। पत्रकारिता में अपनी विशिष्ट शैली, खबरों के चुनाव और आकर्षक हेडलाइन्स के लिए वे खासे मशहूर थे।
विजय राय का जन्म 6 जुलाई 1967 को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में हुआ था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा कुशीनगर और देवरिया में हासिल की और काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। प्रोफेशनल जीवन की शुरुआत उन्होंने एक शिक्षक के रूप में की थी, लेकिन पत्रकारिता में रुचि के चलते राष्ट्रीय सहारा से बतौर संवाददाता अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की।
विजय राय तीन भाइयों में मंझले थे। बड़े भाई प्रदीप राय सुप्रीम कोर्ट के प्रतिष्ठित वकील हैं, जबकि छोटे भाई विनय राय एपीएन लाइव हिन्दी समाचार चैनल के प्रबंध संपादक हैं।
विजय राय के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजय राय के निधन पर राष्ट्रीय सहारा में उनके सहयोगी रहे और वर्तमान में भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के चेयरमैन, मैनेजिंग एडिटर व एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने भी उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजय राय भइया नहीं रहे। अठाइस साल हमारा साथ रहा, इस दौरान हमने दर्जनों विदेश यात्राएं साथ में की। ज्यादातर लोग हमें सगे भाई ही समझते थे। अठाइस साल उनका स्नेह भी मुझे मिलता रहा, उनका जाना मेरे लिए बहुत दुखद है। उनका शरीर गया है, लेकिन उनकी यादें हमेशा मेरे पास जिंदा रहेंगी। pic.twitter.com/VnLEZkgYyG
— Upendrra Rai (@UpendrraRai) May 4, 2025
टैग्स